कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने देश में कुपोषण और एनीमिया पर आई एक आधिकारिक रिपोर्ट को लेकर केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने पूछा है कि मोदी सरकार के 12 साल बाद भी जवाबदेही कहां है, जब देश की लाखों महिलाएं और बच्चे अब भी कुपोषण से जूझ रहे हैं।
SAMPADA रिपोर्ट में क्या सामने आया
भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद की SAMPADA रिपोर्ट में चौंकाने वाले आंकड़े सामने आए हैं। रिपोर्ट के अनुसार प्रजनन आयु की 55.9 प्रतिशत महिलाएं एनीमिक हैं। किशोर लड़कियों और लड़कों में से लगभग दो तिहाई विटामिन बी12 की कमी से जूझ रहे हैं। एक से चार साल की उम्र के 42 प्रतिशत बच्चे एनीमिया से पीड़ित हैं।
खरगे ने कहा कि सरकार हल्के एनीमिया पर जोर देकर हालात को कम करके दिखा रही है, लेकिन हकीकत यह है कि प्रजनन आयु की लगभग 30 प्रतिशत महिलाएं मध्यम या गंभीर एनीमिया से पीड़ित हैं। उन्होंने कहा कि यह आंकड़ा किसी भी तरह से छोटा नहीं है।
NFHS-6 के आंकड़े भी चिंताजनक
राष्ट्रीय परिवार स्वास्थ्य सर्वेक्षण के छठे दौर के आंकड़े भी चिंता बढ़ाने वाले हैं। सर्वेक्षण के अनुसार देश में लगभग एक तिहाई बच्चे कम वजन के हैं और हर पांच में से एक बच्चा गंभीर कुपोषण का शिकार है।
खरगे ने सवाल उठाया कि जब लाखों महिलाएं और बच्चे कुपोषण से जूझ रहे हैं, तो भारत अपनी जनसांख्यिकीय बढ़त का लाभ कैसे उठा सकता है।
फंड जारी हुआ, खर्च नहीं हुआ
कांग्रेस अध्यक्ष ने सरकार के वित्तीय रिकॉर्ड पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि छह वित्तीय वर्षों में सक्षम आंगनवाड़ी, पोषण 2.0 और पूर्ववर्ती योजनाओं के तहत 1.13 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा जारी किए गए। इसके बावजूद जमीन पर हालात नहीं बदले।
खरगे के अनुसार सिर्फ चार साल में पोषण 2.0 के तहत जारी और खर्च की गई राशि के बीच 2,500 करोड़ रुपये से ज्यादा का अंतर रहा। मूल पोषण अभियान के तहत जारी राशि का लगभग 44 प्रतिशत हिस्सा खर्च ही नहीं हुआ।
उन्होंने यह भी कहा कि केंद्रीय बजट में महिला और बाल विकास मंत्रालय का हिस्सा लगभग आधा रह गया है। साल 2015-16 में यह हिस्सा 0.96 प्रतिशत था, जो साल 2025-26 में घटकर 0.50 प्रतिशत रह गया।
गुजरात के आंकड़ों पर भी सवाल
कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने केंद्रीय स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय की एक रिपोर्ट का हवाला देते हुए कहा कि साल 2023-25 के दौरान गुजरात में एनीमिया की स्थिति देश में सबसे खराब में से एक रही।
रमेश के अनुसार गुजरात में 10 से 19 साल की 61.4 प्रतिशत किशोरियां, 20 से 59 साल की 63.8 प्रतिशत वयस्क महिलाएं और 15 से 49 साल की 66.2 प्रतिशत महिलाएं एनीमिया से पीड़ित पाई गईं। उन्होंने कहा कि गुजरात से खराब हालात सिर्फ छत्तीसगढ़ के थे।
इसके मुकाबले सबसे अच्छा प्रदर्शन केरल का रहा, जहां यही आंकड़े 21.4 प्रतिशत, 28 प्रतिशत और 29.1 प्रतिशत रहे। 12 से 59 महीने की उम्र के बच्चों में गुजरात में एनीमिया की दर सबसे ज्यादा 56.5 प्रतिशत रही, जबकि केरल में यह सबसे कम 14.5 प्रतिशत थी।
रमेश ने सवाल उठाया कि इस कड़वी रिपोर्ट के सामने आने के बाद क्या केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा अपनी कुर्सी बचा पाएंगे।
सरकार का पक्ष: हालात पहले से बेहतर
दूसरी ओर, आईसीएमआर की SAMPADA सर्वेक्षण रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि देश में एनीमिया की दर पहले के राष्ट्रीय सर्वेक्षणों की तुलना में कम है। ज्यादातर आयु वर्गों में गंभीर एनीमिया के मामले दो प्रतिशत से कम रहे।
यह सर्वेक्षण साल 2023-25 के दौरान 35 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के 183 जिलों में दो लाख से ज्यादा लोगों पर किया गया, जिसमें 1.7 लाख से ज्यादा खून के नमूनों की जांच हुई।
स्वास्थ्य अनुसंधान विभाग ने कहा कि ज्यादातर मामले हल्के एनीमिया के हैं, जिसका मतलब है कि समय पर हस्तक्षेप से हालात सुधर सकते हैं।
खरगे ने मांगा जवाब
खरगे ने कहा कि 12 साल की सरकार, कई पोषण योजनाएं, फोर्टिफाइड चावल और आयरन की खुराक के कार्यक्रमों के बाद भी अगर हालात ऐसे हैं, तो जवाबदेही तय होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि सरकार को बताना चाहिए कि जारी किए गए हजारों करोड़ रुपये का असर जमीन पर क्यों नहीं दिखा।

