India Samachar 24
रविवार, 22 नवंबर 2026
विज्ञापन
डॉ. विजय किशोर बंसल ने देशवासियों को दी नववर्ष 2027 की हार्दिक शुभकामनाएं

किरेन रिजिजू ने राहुल गांधी से पूछे चार सवाल, 1962 से हिंदू रेट ऑफ ग्रोथ तक घेरा

केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी से चार तीखे सवाल पूछे हैं। ये सवाल उनकी उन टिप्पणियों को लेकर हैं, जिनमें उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर समझौता करने वाले प्रधानमंत्री…

किरेन रिजिजू ने राहुल गांधी से पूछे चार सवाल, 1962 से हिंदू रेट ऑफ ग्रोथ तक घेरा
केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने राहुल गांधी से चार तीखे सवाल पूछे हैं।

केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी से चार तीखे सवाल पूछे हैं। ये सवाल उनकी उन टिप्पणियों को लेकर हैं, जिनमें उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर समझौता करने वाले प्रधानमंत्री वाला तंज कसा था। रिजिजू ने 1962 के चीन युद्ध से लेकर कांग्रेस के शासनकाल की आर्थिक स्थिति तक पर कांग्रेस को घेरा है।

पहला सवाल: 1962 में गांव पर चीन का कब्जा

किरेन रिजिजू ने राहुल गांधी से पहला सवाल पूछा है कि 1962 में उनके गांव पर चीन ने कब्जा कर लिया था। क्या कांग्रेस 1962 के इस अपमान के लिए माफी मांगेगी। अरुणाचल प्रदेश, जिसे पहले नॉर्थ ईस्ट फ्रंटियर एजेंसी कहा जाता था, वहां के कामेंग सेक्टर में 1962 में चीन की सेना ने अवैध घुसपैठ की थी। एकतरफा युद्धविराम की घोषणा से पहले तवांग जैसे कुछ क्षेत्रों में दखल देने की चाल चली गई थी।

किरेन रिजिजू का गांव नाखु भी उसी क्षेत्र में है। उनका लगातार आरोप रहा है कि चीन ने जिन भारतीय इलाकों में अवैध घुसपैठ करके कब्जा किया था, उनमें उनका पैतृक गांव भी शामिल था।

दूसरा सवाल: कांग्रेस ने भारत को गरीब क्यों रखा

केंद्रीय मंत्री का दूसरा सवाल भारत की गरीबी को लेकर है। उन्होंने पूछा है कि कांग्रेस ने भारत को गरीब देश बनाए रखा, क्यों। आजादी से लेकर ज्यादातर वर्षों तक देश में कांग्रेस का ही शासन रहा। पांचवें आम चुनाव के दौरान 1971 में इंदिरा गांधी के शासनकाल में कांग्रेस पार्टी ने गरीबी हटाओ को अपना मुख्य चुनावी नारा बनाया था।

रिजिजू के मुताबिक, हकीकत यह है कि जून 2014 में रंगराजन कमेटी के अनुमान के हिसाब से 2011-12 तक भारत में लगभग 36.3 करोड़ लोग गरीबी रेखा के नीचे थे। यह कांग्रेस की अगुवाई वाली यूपीए सरकार का शासनकाल था। जबकि वर्ल्ड बैंक की हालिया रिपोर्ट के अनुसार 2011 से 2023 के बीच लगभग 50 करोड़ लोग गरीबी रेखा से बाहर निकल आए हैं।

तीसरा सवाल: सांप-सपेरों का देश क्यों कहा

रिजिजू का तीसरा सवाल यह है कि भारत को सांप-सपेरों का देश क्यों कहा जाता था। बीजेपी और खुद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तक कांग्रेस पर यह कहकर निशाना साधते रहे हैं कि कांग्रेस ने भारत की सशक्त संस्कृति और सभ्यता का प्रचार करना उचित नहीं समझा और इसे सांप-सपेरों के देश के तौर पर दुनिया के सामने पेश किया।

इसी साल 23 फरवरी को बीजेपी नेता अमित मालवीय ने अपने एक एक्स पोस्ट में हवाला देते हुए कहा था कि जब 1955 में नेहरू से पूछा गया कि एयर इंडिया के पैंफलेट में भारत को सपेरों की भूमि के रूप में क्यों दिखाया गया, तो उन्होंने क्या कहा। नेहरू ने इसे यह कहकर सही ठहराया था कि इसमें कुछ भी गलत नहीं है, क्योंकि इससे पर्यटकों की पसंद को संतुष्टि मिलती है।

चौथा सवाल: हिंदू रेट ऑफ ग्रोथ कहकर अपमान क्यों

केंद्रीय मंत्री का चौथा सवाल भारतीय अर्थव्यवस्था को हिंदू रेट ऑफ ग्रोथ बताने को लेकर है। उन्होंने पूछा है कि भारतीय अर्थव्यवस्था को हिंदू रेट ऑफ ग्रोथ बताकर क्यों अपमानित किया गया। 1950 से 1980 के दशक में भारतीय अर्थव्यवस्था बहुत ही सुस्ती के दौर से गुजर रही थी और विकास दर की इसी स्थिति को दिखाने के लिए हिंदू विकास दर जैसे शब्द का इस्तेमाल किया गया। उस समय विकास दर करीब 3.5 प्रतिशत थी।

इस शब्द का इस्तेमाल सबसे पहले योजना आयोग के सदस्य प्रोफेसर राज कृष्ण ने किया था। यह सब कांग्रेस के कार्यकाल में हुआ, इसलिए बीजेपी की ओर से राहुल गांधी पर निशाना साधा गया है।

राहुल गांधी ने क्या कहा था

कांग्रेस नेता ने शुक्रवार को अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप, रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग की बैठक की तस्वीर साझा करते हुए बीजेपी सरकार पर यह कहकर तंज कसा था कि कांग्रेस की सरकार होती तो इस मेज पर भारत के प्रधानमंत्री भी होते। उन्होंने इसी के साथ पीएम मोदी पर समझौता करने वाले प्रधानमंत्री वाला तंज भी कसा था। इसी टिप्पणी पर पलटवार करते हुए किरेन रिजिजू ने ये चार सवाल पूछे हैं।

चारों सवाल एक नजर में

- 1962 में मेरे गांव पर चीन ने कब्जा कर लिया, क्या कांग्रेस इसके लिए माफी मांगेगी - कांग्रेस ने भारत को गरीब देश बनाए रखा, क्यों - भारत को सांप-सपेरों का देश क्यों कहा जाता था - भारतीय अर्थव्यवस्था को हिंदू रेट ऑफ ग्रोथ बताकर क्यों अपमानित किया गया

इस खबर को शेयर करें
न्यूज़ डेस्क · न्यूज़ डेस्क

इंडिया समाचार 24 की न्यूज़ डेस्क — देश और दुनिया की ताज़ा खबरें, सबसे पहले।

और देखें: न्यूज़ डेस्क →