IPL के संस्थापक और पूर्व अध्यक्ष ललित मोदी ने ब्रिटिश नागरिकता हासिल कर ली है। उन्होंने शनिवार 14 नवंबर को ऑक्सफोर्ड यूनियन में अपने संबोधन के दौरान इसका ऐलान किया। डेक्कन हेराल्ड के अनुसार, ललित मोदी ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर लिखा कि उन्हें ब्रिटिश नागरिक होने पर गर्व है।
ललित मोदी ने बताया कि उन्होंने 15 सितंबर को भारतीय नागरिकता त्याग दी थी। उसी दिन लंदन के एक टाउन हॉल में परिवार और दोस्तों के बीच उनकी ब्रिटिश नागरिकता का समारोह हुआ था। उन्होंने कहा कि ब्रिटेन कई सालों से उनका घर रहा है।
ऑक्सफोर्ड यूनियन में साझा किया ऐलान
ललित मोदी ने अपने पोस्ट में लिखा, "आज 14 नवंबर 2026 को मुझे ऑक्सफोर्ड यूनियन को संबोधित करने का सम्मान मिला, जहां मैंने सार्वजनिक तौर पर एक बहुत ही खास और निजी उपलब्धि साझा की। मुझे गर्व है कि मैं ब्रिटिश नागरिक हूं।" उन्होंने कहा कि यह उनके लिए एक नए अध्याय की शुरुआत है।
उन्होंने लिखा कि ब्रिटिश नागरिक बनना एक विशेषाधिकार और जिम्मेदारी है, जिसे उन्होंने गर्व, कृतज्ञता और अपनेपन की भावना के साथ स्वीकार किया है। उन्होंने अपने परिवार, दोस्तों और इस प्रक्रिया में साथ देने वाले लोगों का धन्यवाद किया।
किंग चार्ल्स के जन्मदिन से जुड़ा मौका
ललित मोदी ने कहा कि यह मौका इसलिए और खास था, क्योंकि यह ब्रिटेन के किंग चार्ल्स तृतीय के जन्मदिन के साथ पड़ा। किंग चार्ल्स का 78वां जन्मदिन 14 नवंबर को पड़ता है। उन्होंने अपने पोस्ट का अंत "गॉड सेव द किंग" लिखकर किया।
न्यू इंडियन एक्सप्रेस के अनुसार, ललित मोदी ने कहा कि ब्रिटेन एक ऐसा देश है, जिसकी जनता, संस्थाओं, परंपराओं और मूल्यों की वह गहराई से सराहना करते हैं। उन्होंने कहा कि उनकी जीवन यात्रा अलग अलग संस्कृतियों और अनुभवों से बनी है।
भारत छोड़ने के बाद का सफर
ललित मोदी ने IPL के तीसरे सीजन के बाद मई 2010 में भारत छोड़ा था। उन पर IPL में वित्तीय अनियमितताओं और मनी लॉन्ड्रिंग के आरोप लगे थे। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने अनुशासनात्मक कार्रवाई के बाद उन पर आजीवन प्रतिबंध लगा दिया था।
2015 में एक विशेष अदालत ने प्रवर्तन निदेशालय के समन का जवाब न देने पर उनके खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी किया था। 2025 में उन्होंने वानुआतु की नागरिकता मिलने के बाद भारतीय पासपोर्ट सरेंडर करने का ऐलान किया था।
FEMA मामले में मिली थी राहत
डेक्कन हेराल्ड के अनुसार, ललित मोदी को ब्रिटिश नागरिकता 2009 में दक्षिण अफ्रीका में हुए IPL से जुड़े एक मामले में बड़ी कानूनी राहत मिलने के कुछ महीने बाद मिली है। इस साल जुलाई में एक अपीलीय न्यायाधिकरण ने प्रवर्तन निदेशालय के अधिकांश निष्कर्षों और जुर्मानों को रद्द कर दिया था।
न्यायाधिकरण ने कहा था कि इस मामले में उनकी जिम्मेदारी साबित करने के लिए पर्याप्त सामग्री नहीं है। यह फैसला उनसे जुड़े प्रमुख मामलों में एक अहम घटनाक्रम था। हालांकि, भारत में उनके खिलाफ लंबित जांच और कानूनी कार्यवाही पर इसका सीधा असर नहीं पड़ता है।
