हरियाणा के नूंह में रविवार तड़के पुलिस से मुठभेड़ में दो कथित गौ तस्करों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य घायल हो गया। यह मुठभेड़ रविवार सुबह करीब 4:30 बजे फिरोजपुर झिरका पुलिस की क्राइम इन्वेस्टिगेशन एजेंसी टीम और पशु तस्करों के बीच हुई। टीम का नेतृत्व सब इंस्पेक्टर महेंद्र सिंह कर रहे थे।
द हिंदू के अनुसार, मुठभेड़ फिरोजपुर झिरका सदर थाना क्षेत्र के बीमा गांव में हुई। पुलिस को गौ तस्करी की सूचना मिली थी, जिसके बाद सीआईए टीम ने इलाके में नाकाबंदी कर दी थी। रुकने का इशारा करने पर पिकअप सवारों ने पुलिस पर गोली चला दी। पुलिस ने जवाबी फायरिंग की।
तीन को लगी गोली, दो की मौत
गोलीबारी में तीन लोगों को गोलियां लगीं। पुलिस ने तीनों को तुरंत नल्हड़ मेडिकल कॉलेज पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने साबिर और गब्बर उर्फ हडिया को मृत घोषित कर दिया। तीसरे घायल ताहिर का इलाज चल रहा है।
मृतकों की पहचान राजस्थान के दौसा निवासी गब्बर उर्फ हडिया और फिरोजपुर झिरका क्षेत्र के बीमा गांव निवासी साबिर पुत्र शेर मोहम्मद के रूप में हुई है। घायल ताहिर पुत्र अहमद राजस्थान के डीग जिले के घाटमीका गांव का निवासी बताया गया है।
पुलिसकर्मी भी हुआ घायल
मुठभेड़ में पुलिसकर्मी हितेश भी घायल हुआ है। उसके हाथ में गोली लगी है। हितेश भिवानी जिले का रहने वाला है। पुलिस के अनुसार, मुठभेड़ के बाद इलाके में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और फिरोजपुर झिरका क्षेत्र में हाई अलर्ट है।
ईटीवी भारत के अनुसार, मुठभेड़ के बाद मौके से 7 गायों से लदी एक पिकअप गाड़ी बरामद हुई है। इसके अलावा तीन देसी पिस्तौल 315 बोर, तीन जिंदा कारतूस और पांच खाली खोल भी बरामद हुए हैं।
मजिस्ट्रेट जांच के आदेश
पुलिस के अनुसार, मामले में मजिस्ट्रेट जांच शुरू कर दी गई है। शवों को मोर्चरी में रखा गया है और परिजनों को सूचित कर दिया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
ईटीवी भारत के अनुसार, यह मुठभेड़ एक महीने पहले हुई एक अन्य मुठभेड़ के बाद हुई है। 15 अक्टूबर को नूंह सीआईए टीम ने सोहना पलवल रोड पर सिलानी गांव के पास मुठभेड़ में वांछित गौ तस्कर शाहिद उर्फ अदवानी को मार गिराया था।
इलाके में हाई अलर्ट
मुठभेड़ के बाद फिरोजपुर झिरका इलाके में पुलिस बल तैनात है। पुलिस का कहना है कि गौ तस्करी पर नजर रखी जा रही है। अधिकारियों ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है।
