India Samachar 24
शनिवार, 14 नवंबर 2026
विज्ञापन
ad

मेक्सिको में सीआईए का गुप्त अभियान, पूर्व पुलिस कमांडर को मोहरा बनाकर ड्रग कार्टेल के ठिकानों पर मारे छापे

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप पिछले वर्ष मेक्सिको के ड्रग कार्टेल्स के खिलाफ अपनी खुफिया एजेंसी सीआईए का अभियान तेज करने की कोशिश कर रहे थे। उस समय मेक्सिको की राष्ट्रपति क्लाउडिया शिनबाम ने सख्त …

मेक्सिको में सीआईए का गुप्त अभियान, पूर्व पुलिस कमांडर को मोहरा बनाकर ड्रग कार्टेल के ठिकानों पर मारे छापे
मेक्सिको के चिहुआहुआ राज्य में सीआईए ने ड्रग कार्टेल के खिलाफ गुप्त अभियान चलाया था।

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप पिछले वर्ष मेक्सिको के ड्रग कार्टेल्स के खिलाफ अपनी खुफिया एजेंसी सीआईए का अभियान तेज करने की कोशिश कर रहे थे। उस समय मेक्सिको की राष्ट्रपति क्लाउडिया शिनबाम ने सख्त चेतावनी दी कि अमेरिकी सुरक्षा बल मेक्सिको की जमीन पर कदम नहीं रखेंगे। तब सीआईए ने मेक्सिको के एक पूर्व पुलिस कमांडर को अपना मोहरा बनाया और गुपचुप तरीके से उत्तरी सीमावर्ती राज्य चिहुआहुआ में अपना ठिकाना बना लिया।

अमेरिकी अधिकारियों के हवाले से मिली जानकारी के मुताबिक, सीआईए ने करीब छह महीने तक अपने गोपनीय अभियान के दौरान जंगलों के बीच बने ड्रग कार्टेल के ठिकानों को निशाना बनाया। इस दौरान पहाड़ पर बनी एक विशाल मेथ फैक्टरी को भी नष्ट किया गया।

दागी अफसर का वीजा रोककर जाल में फंसाया

सीआईए ने चिहुआहुआ के अभियोजक और पूर्व पुलिस कमांडर गिलर्मो ज़ुआनी पोर्टिलो को मोहरा बनाया। पावर ब्रोकर माने जाने वाले ज़ुआनी पर खुद ड्रग माफियाओं से मिलीभगत और दो पुलिसकर्मियों की हत्या में शामिल होने के गंभीर आरोप थे। इसी वजह से अमेरिका ने उनका वीजा रद्द कर दिया था। यही नहीं, एफबीआई उनके खिलाफ जांच भी कर रही थी। अमेरिका ने बाद में वीजा बहाल करने के बदले ज़ुआनी की मदद ली।

मैक्सिकन पुलिस की वर्दी पहनकर मारते थे छापे

ज़ुआनी ने सीआईए के एजेंटों को चिहुआहुआ पुलिस के अफसरों से मिलवाया और फिर दोनों ने ड्रग कार्टेल के खिलाफ संयुक्त अभियान चलाया। अमेरिका के ये जासूस मैक्सिकन पुलिस की वर्दी पहनकर और चेहरे पर नकाब लगाकर आधुनिक हथियारों व टैबलेट से लैस होकर ड्रग माफियाओं के ठिकानों पर छापे मारने लगे। पूरे घटनाक्रम से वाकिफ लोगों और तमाम दस्तावेजों के आधार पर पता चलता है कि सीआईए ने ज़ुआनी का इस्तेमाल जमीनी स्तर पर एक भरोसेमंद संपर्क के रूप में किया, लेकिन उन्हें आम मुखबिरों की तरह पैसे नहीं दिए।

सच सामने आते ही मचा सियासी भूचाल

सच सामने आने पर राष्ट्रपति शिनबाम भड़क उठीं। उन्होंने केंद्र को अंधेरे में रखने के लिए चिहुआहुआ की गवर्नर मारू कैम्पोस को आड़े हाथों लिया। दबाव बढ़ता देख राज्य सरकार ने कार्रवाई शुरू की। मेयर पद के प्रबल दावेदार और पूर्व अटॉर्नी जनरल सीजर जौरेगुई को सीआईए को राज्य में पनाह देने के आरोप में देशद्रोह का मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया गया। वहीं, इस पूरे खेल के सूत्रधार गिलर्मो ज़ुआनी मेक्सिको से भागकर अमेरिका पहुंच गए। जौरेगुई पर आरोप है कि उन्होंने अपने पद का दुरुपयोग ज़ुआनी के साथ मिलकर मेक्सिको की धरती पर सीआईए एजेंटों को संरक्षण दिया।

300 फीट गहरी खाई में गिरा वाहन, खुली पोल

गठजोड़ तब बेनकाब हुआ जब अप्रैल में चिहुआहुआ के दुर्गम पहाड़ों पर स्थित एक विशाल मेथ लैब को नष्ट करने का अभियान चलाया गया। रात के अंधेरे में जब नौ गाड़ियों का काफिला लौट रहा था, तब धूल के गुबार के कारण आगे चल रही एक ट्रक 300 फीट गहरी खाई में जा गिरी। इसमें दो सीआईए अधिकारी और दो मैक्सिकन अफसर सवार थे, जिनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के तुरंत बाद ज़ुआनी ने मौके पर मौजूद एजेंटों को फोन करके निर्देश दिया कि सीआईए अधिकारियों के शवों से मैक्सिकन पुलिस की वर्दी और निशान हटा दिए जाएं।

इस खबर को शेयर करें
न्यूज़ डेस्क · न्यूज़ डेस्क

इंडिया समाचार 24 की न्यूज़ डेस्क — देश और दुनिया की ताज़ा खबरें, सबसे पहले।

और देखें: न्यूज़ डेस्क →