India Samachar 24
शनिवार, 14 नवंबर 2026
विज्ञापन
ad

ओपनएआई ने लॉन्च किया चैटजीपीटी वॉलेट, अब एआई एजेंट आपकी ओर से करेगा शॉपिंग और पेमेंट

चैटजीपीटी बनाने वाली कंपनी ओपनएआई ने चैटजीपीटी वॉलेट लॉन्च कर दिया है। इस नई सर्विस की मदद से अब एआई एजेंट यूजर की ओर से ऑनलाइन शॉपिंग कर सकेगा और पेमेंट भी कर सकेगा। खास बात यह है कि यह सब यूजर के अ…

ओपनएआई ने लॉन्च किया चैटजीपीटी वॉलेट, अब एआई एजेंट आपकी ओर से करेगा शॉपिंग और पेमेंट
चैटजीपीटी वॉलेट की मदद से एआई एजेंट यूजर की मंजूरी के बाद पेमेंट कर सकेगा।

चैटजीपीटी बनाने वाली कंपनी ओपनएआई ने चैटजीपीटी वॉलेट लॉन्च कर दिया है। इस नई सर्विस की मदद से अब एआई एजेंट यूजर की ओर से ऑनलाइन शॉपिंग कर सकेगा और पेमेंट भी कर सकेगा। खास बात यह है कि यह सब यूजर के असली कार्ड की जानकारी देखे बिना होगा।

इस सर्विस को वीजा, मास्टरकार्ड और अमेरिकन एक्सप्रेस जैसे दुनिया के बड़े पेमेंट नेटवर्क्स के साथ मिलकर तैयार किया गया है। जब यूजर किसी चीज की मांग करता है, तो उसका एआई एजेंट उसे ढूंढता है, उसका कार्ट तैयार करता है और पेमेंट के चरण तक ले जाता है।

ओपनएआई ने शुक्रवार को इस सर्विस की घोषणा की थी। यह सुविधा कंपनी के डॉट्स नाम के एआई एजेंट प्लेटफॉर्म के जरिए मिलेगी। डॉट्स को 29 सितंबर 2026 को लॉन्च किया गया था। चैटजीपीटी के साप्ताहिक यूजर्स की संख्या 1.2 अरब बताई जाती है।

कैसे काम करेगा चैटजीपीटी वॉलेट

चैटजीपीटी वॉलेट में यूजर को अपना कार्ड सिर्फ एक बार जोड़ना होता है। इसके बाद जब भी एआई एजेंट कोई खरीदारी करता है, तो पेमेंट नेटवर्क एक पेमेंट टोकन जनरेट करता है। यह टोकन असली कार्ड डिटेल्स का एक सुरक्षित विकल्प होता है।

इसका मतलब यह है कि यूजर का असली कार्ड नंबर, सीवीवी या एक्सपायरी डेट न तो उस एआई एजेंट को पता चलता है और न ही उस बिजनेस या वेबसाइट को, जहां से सामान खरीदा जा रहा है। पेमेंट सीधे चुनी गई पेमेंट कंपनी से हो जाता है और कार्ड की ओरिजिनल डिटेल्स पूरी तरह सुरक्षित रहती हैं।

इस व्यवस्था में कार्ड के रिवॉर्ड और सुरक्षा लाभ भी बरकरार रहते हैं। मर्चेंट ही सामान का विक्रेता बना रहता है और डिलीवरी, रिटर्न और कस्टमर सर्विस की जिम्मेदारी भी उसी की रहती है।

हर खरीदारी पर लगेगी आपकी मुहर

ओपनएआई ने साफ कर दिया है कि एआई भले ही यूजर की ओर से पेमेंट करने की ताकत रखता हो, लेकिन वह यूजर की इजाजत के बिना एक भी रुपया खर्च नहीं कर सकता। हर एक खरीदारी से पहले यूजर को स्क्रीन पर आइटम की लिस्ट, कुल कीमत और चुने गए कार्ड की पूरी जानकारी दिखाई जाएगी।

इसके बाद यूजर को अपने फोन या डिवाइस पर फेस आईडी या फिंगरप्रिंट स्कैन जैसी सिक्योरिटी चेक के जरिए उस ट्रांजैक्शन को मंजूरी देनी होगी। जब तक यूजर अपनी उंगली या चेहरा स्कैन करके उस पेमेंट पर मुहर नहीं लगाता, तब तक एआई खुद अपनी मर्जी से कोई पैसा नहीं चुका सकता।

आने वाले समय में ओपनएआई यूजर्स को खर्च की सीमा और उत्पाद श्रेणी जैसी शर्तें पहले से तय करने का विकल्प भी दे सकती है, ताकि एजेंट उन सीमाओं के अंदर खरीदारी पूरी कर सके।

फिलहाल सिर्फ अमेरिका में उपलब्ध

फिलहाल इस सुविधा का शुरुआती रोलआउट अमेरिका में रहने वाले उन चुनिंदा यूजर्स के लिए शुरू किया गया है, जो चैटजीपीटी प्रो सब्सक्राइबर हैं और जिनके पास अमेरिका में जारी किए गए पात्र कार्ड मौजूद हैं। यूजर की उम्र 18 साल या उससे ज्यादा होनी चाहिए।

इस सुविधा में डेबिट कार्ड सपोर्ट नहीं करते हैं और यूजर अपने खुद के वर्चुअल कार्ड भी नहीं जोड़ सकते हैं। कंपनी ने कहा है कि वह इस सीमित रोलआउट के जरिए यह समझना चाहती है कि यह सिस्टम असली दुनिया के ट्रांजैक्शन में कैसा काम करता है।

ओपनएआई ने वेबसाइट्स और मर्चेंट्स के लिए एक कॉमर्स पार्टनर प्लेबुक भी प्रकाशित की है। इसके जरिए वेबसाइट्स और ऑनलाइन स्टोर यह समझ सकेंगे कि वे अपने चेकआउट सिस्टम को एआई के अनुकूल कैसे बनाएं। कंपनी स्ट्राइप, एडयेन और चेकआउट डॉट कॉम जैसे बड़े पेमेंट प्रोवाइडर्स के साथ मिलकर काम कर रही है।

इस खबर को शेयर करें
न्यूज़ डेस्क · न्यूज़ डेस्क

इंडिया समाचार 24 की न्यूज़ डेस्क — देश और दुनिया की ताज़ा खबरें, सबसे पहले।

और देखें: न्यूज़ डेस्क →