टाटा ट्रस्ट्स के अध्यक्ष नोएल टाटा ने शनिवार को चिंता जताई कि टाटा संस की प्रस्तावित सार्वजनिक लिस्टिंग से समूह की कारोबार की परंपरागत सोच बुनियादी तौर पर बदल सकती है। उन्होंने चेतावनी दी कि शेयरधारकों का दायरा बढ़ने पर मुनाफा परोपकार से आगे निकल सकता है। नोएल टाटा ने यह बात नई दिल्ली में एचटी लीडरशिप समिट 2026 में कही।
नोएल टाटा ने कहा कि उनकी चिंता यह है कि लिस्टिंग, जिसका प्रस्ताव कुछ लोग रख रहे हैं, टाटा के काम करने के तरीके को बदल देगी। उन्होंने कहा कि एक दिन जब 30,000 से 40,000 शेयरधारक होंगे, तो मुनाफा परोपकार से आगे निकल सकता है। उन्होंने कहा कि इससे टाटा के काम करने का तरीका बुनियादी तौर पर बदल जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि टाटा ट्रस्ट्स नियामकों और अन्य पक्षों के साथ मिलकर रचनात्मक भूमिका निभाएगा, ताकि समूह की बुनियाद और उसके सिद्धांत बने रहें।
टाटा ट्रस्ट्स और टाटा संस बोर्ड में खींचतान
यह टिप्पणी टाटा ट्रस्ट्स और टाटा संस के बोर्ड के बीच होल्डिंग कंपनी की मालिकी संरचना और नेतृत्व को लेकर बढ़ती खींचतान की पृष्ठभूमि में आई है। टाटा ट्रस्ट्स के पास करीब 165 अरब डॉलर के टाटा समूह की होल्डिंग कंपनी टाटा संस की करीब 66 प्रतिशत हिस्सेदारी है। ट्रस्ट्स ने सार्वजनिक लिस्टिंग का विरोध किया है, जबकि 18.37 प्रतिशत हिस्सेदारी वाला दूसरा सबसे बड़ा शेयरधारक शापूरजी पल्लोनजी समूह अपने निवेश का मूल्य पाने के लिए शेयर बाजार में सूचीबद्धता का समर्थन कर रहा है।
यह विवाद तब और बढ़ा जब भारतीय रिजर्व बैंक ने सितंबर 2026 में टाटा संस का कोर निवेश कंपनी के तौर पर पंजीकरण सरेंडर करने का आवेदन खारिज कर दिया। इससे समूह के उस रास्ते पर रोक लग गई, जिसके जरिए वह ऊपरी स्तर की गैर बैंकिंग वित्तीय कंपनी के तौर पर अनिवार्य लिस्टिंग से बचना चाहता था।
चंद्रशेखरन को पांच साल का नया कार्यकाल
टाटा संस के बोर्ड ने 17 सितंबर की बैठक में आरबीआई के नियमों के अनुसार लिस्टिंग की दिशा में कदम उठाने का फैसला किया था। उसी बैठक में बोर्ड ने अध्यक्ष एन चंद्रशेखरन को पांच साल का नया कार्यकाल भी मंजूर किया। चंद्रशेखरन ने अगस्त में कहा था कि वह फरवरी 2027 के बाद फिर से नियुक्ति नहीं चाहेंगे, लेकिन बोर्ड ने अपना फैसला पलट दिया। यह फैसला 4:1 के मत से मंजूर हुआ। नोएल टाटा ने इस दोबारा नियुक्ति का भी विरोध किया है और टाटा ट्रस्ट्स ने इसकी वैधता पर सवाल उठाए हैं।
