पंजाब में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। पंजाब बीजेपी के अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने रविवार को दो अहम कमेटियों के गठन का ऐलान किया, 13 सदस्यीय मेनिफेस्टो कमेटी और 14 सदस्यीय चार्जशीट कमेटी। खास बात यह है कि इन कमेटियों में उन नेताओं को बड़ी जिम्मेदारी दी गई है, जो कुछ समय पहले ही आम आदमी पार्टी छोड़कर बीजेपी में शामिल हुए थे।
मेनिफेस्टो कमेटी की कमान पूर्व प्रदेश अध्यक्ष और पूर्व राज्यसभा सांसद अविनाश राय खन्ना को सौंपी गई है। इस कमेटी में राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा, पूर्व क्रिकेटर हरभजन सिंह, एचएस फुल्का, मनप्रीत सिंह बादल, अश्वनी शर्मा, मनोरंजन कालिया, सोम प्रकाश, राणा गुरमीत सिंह सोढ़ी, अश्वनी सेखड़ी, सतनाम सिंह संधू, राजिंदर गुप्ता और परमपाल कौर को शामिल किया गया है।
कौन किस कमेटी में, 13 और 14 सदस्यों की दो टीमें
चार्जशीट कमेटी की कमान पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सुनील जाखड़ को सौंपी गई है। इस कमेटी में संदीप पाठक, अशोक मित्तल, विक्रमजीत सिंह साहनी, इकबाल सिंह लालपुरा, विजय सांपला, श्वेत मलिक, महारानी परनीत कौर, रवनीत सिंह बिट्टू, दिनेश बाबू, सुशील रिंकू, गेजा राम, एसएस चन्नी और जगमीत सिंह बराड़ को सदस्य बनाया गया है।
मेनिफेस्टो कमेटी पार्टी का चुनावी घोषणा पत्र तैयार करेगी, जबकि चार्जशीट कमेटी सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी सरकार के खिलाफ उसके शासन के रिकॉर्ड, अधूरे वादों और कथित नाकामियों को लेकर आरोपों की सूची तैयार करेगी।
अप्रैल में आप छोड़कर बीजेपी में आए थे छह राज्यसभा सांसद
इन नियुक्तियों में सबसे ज्यादा चर्चा उन नेताओं की है, जो पहले आम आदमी पार्टी से जुड़े रहे हैं। राघव चड्ढा, हरभजन सिंह और राजिंदर गुप्ता को मेनिफेस्टो कमेटी में जगह मिली है। वहीं संदीप पाठक, अशोक मित्तल और विक्रमजीत सिंह साहनी चार्जशीट कमेटी में शामिल हैं। ये सभी उन राज्यसभा सांसदों में शामिल थे, जिन्होंने अप्रैल 2026 में आप छोड़कर बीजेपी का दामन थामा था।
राघव चड्ढा कभी अरविंद केजरीवाल के करीबी और पार्टी के प्रमुख रणनीतिकार माने जाते थे। हरभजन सिंह ने क्रिकेट से संन्यास के बाद 2022 में आप का दामन थामा था। 24 अप्रैल 2026 को दोनों ने आप छोड़कर बीजेपी में शामिल होने का ऐलान कर दिया था, और 27 अप्रैल को राज्यसभा सभापति ने इस विलय को औपचारिक मंजूरी दे दी थी। पंजाब में 2027 की शुरुआत में विधानसभा चुनाव होने हैं, और आने वाले दिनों में कुछ और कमेटियों का भी ऐलान किया जाएगा।
