राजस्थान के चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री गजेंद्र सिंह खींवसर ने प्रदेश के मेडिकल कॉलेजों में रैगिंग की बढ़ती घटनाओं पर कड़ी नाराजगी व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि रैगिंग के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जाए और दोषी पाए जाने वाले किसी भी छात्र या कॉलेज अधिकारी को बख्शा नहीं जाएगा।
मंत्री ने कहा कि मेडिकल कॉलेज शिक्षा और संस्कार के केंद्र हैं। उन्होंने चिकित्सा शिक्षा विभाग और राजस्थान मेडिकल एजुकेशन सोसायटी के अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी सरकारी और निजी मेडिकल कॉलेजों में जारी एंटी रैगिंग कार्य योजना का पालन किया जाए।
एनएमसी ने 16 कॉलेजों को भेजे 19 नोटिस
रैगिंग की शिकायतों के बाद राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग यानी एनएमसी ने एक महीने के भीतर 16 मेडिकल कॉलेजों को 19 नोटिस भेजे हैं। इनमें से 14 नोटिस राजस्थान के सरकारी और निजी मेडिकल कॉलेजों को भेजे गए हैं, जबकि बाकी नोटिस उत्तर प्रदेश और कर्नाटक के कॉलेजों से जुड़े हैं।
शिकायतों की बढ़ती संख्या को देखते हुए एनएमसी के एंटी रैगिंग प्रमुख 20 नवंबर को जयपुर के एसएमएस मेडिकल कॉलेज का दौरा करेंगे।
जोधपुर के डॉ एसएन मेडिकल कॉलेज में रैगिंग के मामले में 19 मेडिकल छात्र निलंबित किए गए हैं और उनकी हॉस्टल एंट्री पर भी रोक लगाई गई है। बूंदी मेडिकल कॉलेज में रैगिंग के आरोप में तीन जूनियर छात्रों को पीटा गया और एक छात्र अस्पताल में भर्ती है।
