India Samachar 24
सोमवार, 16 नवंबर 2026
विज्ञापन
ad

सिरोही में अज्ञात बीमारी से दो बच्चों की मौत, स्वास्थ्य विभाग अलर्ट, 108 लोगों की जांच

सिरोही के पिंडवाड़ा ब्लॉक के भूला क्षेत्र स्थित काला महादेव खेड़ा की छीतरिया फली में 2 बच्चों की मौत के बाद चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग अलर्ट हो गया। मृतकों में 10 वर्षीय एक बालक और करीब साढ़े चार व…

सिरोही में अज्ञात बीमारी से दो बच्चों की मौत, स्वास्थ्य विभाग अलर्ट, 108 लोगों की जांच
प्रभावित क्षेत्र में स्वास्थ्य सर्वे करती मेडिकल टीम।

सिरोही के पिंडवाड़ा ब्लॉक के भूला क्षेत्र स्थित काला महादेव खेड़ा की छीतरिया फली में 2 बच्चों की मौत के बाद चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग अलर्ट हो गया। मृतकों में 10 वर्षीय एक बालक और करीब साढ़े चार वर्षीय एक बालिका शामिल हैं। बच्चों की मौत के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है।

ईटीवी भारत के अनुसार, मामले की जानकारी मिलने पर भूला प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सक डॉ. सुनील कुमार गरासिया के नेतृत्व में मेडिकल टीम प्रभावित क्षेत्र में पहुंची। टीम ने प्रभावित परिवारों सहित फली के 13 घरों में सर्वे कर कुल 108 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया।

14 नवंबर को हुई दोनों बच्चों की मौत

परिजनों के अनुसार, बालक को 8 नवंबर को हल्का बुखार, खांसी और पेट दर्द की शिकायत हुई थी। परिजन उसे स्वरूपगंज, देलदर और आबूरोड के निजी क्लिनिक व अस्पतालों में लेकर गए, लेकिन 14 नवंबर को घर लौटते समय रास्ते में उसकी मौत हो गई।

वहीं, बालिका 10 नवंबर को बुखार से बीमार हुई थी। परिजनों ने निजी क्लिनिक पर उपचार करवाया, इसके बाद दो दिन तक झाड़-फूंक भी करवाई। 14 नवंबर की रात करीब 12 बजे उसकी मौत हो गई।

सर्वे में मिले बुखार और दर्द के मरीज

स्वास्थ्य सर्वेक्षण में चार लोगों को बुखार, दो को सर्दी, दो को खांसी, 16 को फोड़े-फुंसी तथा 11 लोगों को शरीर दर्द की शिकायत मिली। सभी को मौके पर प्राथमिक उपचार दिया गया। एक 8 वर्षीय बच्चे में पेट दर्द, कमजोरी और हल्के बुखार के लक्षण मिलने पर उसे पीएचसी भूला भेजा गया।

विभाग के अनुसार, बच्चे की स्थिति अब ठीक है और वह घर पर है।

पानी के नमूने जांच के लिए भेजे

टीम ने 19 लोगों की मलेरिया कार्ड से जांच की, जिनकी रिपोर्ट नेगेटिव आई। साथ ही पानी के नमूने जांच के लिए भेजे गए तथा प्रभावित क्षेत्र में एंटी लार्वल गतिविधियां भी की गईं।

झाड़-फूंक में न गंवाएं समय, विभाग की अपील

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. दिनेश खराड़ी ने बताया कि प्रारंभिक जानकारी में दोनों बच्चों को समय पर उचित सरकारी चिकित्सा सुविधा नहीं मिलना और झाड़-फूंक में समय गंवाना मौत का संभावित कारण सामने आया है। उन्होंने आमजन से अपील की कि घर में किसी भी सदस्य के बीमार होने पर तत्काल 108 एंबुलेंस के माध्यम से नजदीकी सरकारी अस्पताल पहुंचाएं।

डॉ. खराड़ी ने कहा कि बिना चिकित्सकीय सलाह के उपचार नहीं करवाएं और झाड़-फूंक में समय बर्बाद न करें। चिकित्सा विभाग की टीम क्षेत्र में लगातार निगरानी रख रही है। भूला के पूर्व सरपंच कन्हैयालाल अग्रवाल ने भी चिकित्सक से बातचीत कर स्थिति की जानकारी ली।

इस खबर को शेयर करें
न्यूज़ डेस्क · न्यूज़ डेस्क

इंडिया समाचार 24 की न्यूज़ डेस्क — देश और दुनिया की ताज़ा खबरें, सबसे पहले।

और देखें: न्यूज़ डेस्क →