India Samachar 24
रविवार, 22 नवंबर 2026
विज्ञापन
डॉ. विजय किशोर बंसल ने देशवासियों को दी नववर्ष 2027 की हार्दिक शुभकामनाएं

शहीद कैप्टन शुभम गुप्ता की स्मृति में गूंजा राष्ट्रभक्ति का काव्य, सूरसदन में राष्ट्रीय कवि सम्मेलन का आयोजन

आगरा। शहीदों का बलिदान कभी भुलाया नहीं जा सकता। उनकी वीरता, साहस और देशभक्ति की गाथाएं आने वाली पीढ़ियों को सदैव प्रेरित करती रहेंगी। इसी भावना के साथ शहीद कैप्टन शुभम गुप्ता की स्मृति में कैप्टन शुभ…

शहीद कैप्टन शुभम गुप्ता की स्मृति में गूंजा राष्ट्रभक्ति का काव्य, सूरसदन में राष्ट्रीय कवि सम्मेलन का आयोजन
आगरा के सूरसदन में शहीद कैप्टन शुभम गुप्ता की स्मृति में आयोजित राष्ट्रीय कवि सम्मेलन ‘ऐ वतन तेरे लिए’ में मौजूद अतिथि एवं कविगण।

आगरा। शहीदों का बलिदान कभी भुलाया नहीं जा सकता। उनकी वीरता, साहस और देशभक्ति की गाथाएं आने वाली पीढ़ियों को सदैव प्रेरित करती रहेंगी। इसी भावना के साथ शहीद कैप्टन शुभम गुप्ता की स्मृति में कैप्टन शुभम फाउंडेशन एवं भारत विकास परिषद की ओर से आगरा के सूरसदन प्रेक्षागृह में राष्ट्रीय कवि सम्मेलन ‘ऐ वतन तेरे लिए’ का आयोजन किया गया। देश के विभिन्न शहरों से पहुंचे प्रसिद्ध कवियों ने अपनी ओजस्वी और राष्ट्रभक्ति से ओतप्रोत रचनाओं के माध्यम से शहीद को काव्यांजलि अर्पित की।

कार्यक्रम में देशप्रेम, वीरता और बलिदान का भाव देखने को मिला। कवियों की प्रस्तुतियों पर सभागार तालियों और भारत माता के जयकारों से गूंज उठा।

कार्यक्रम का शुभारंभ केंद्रीय राज्यमंत्री प्रो. एस.पी. सिंह बघेल, राज्यसभा सांसद नवीन जैन, महापौर हेमलता दिवाकर, विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल, फुटवियर एवं चमड़ा उद्योग विकास परिषद के चेयरमैन पूरन डावर, पूर्व राज्यमंत्री चौधरी उदयभान सिंह, माथुर वैश्य महासभा के मुकेश गुप्ता, उद्यमी अजय अग्रवाल और एडवोकेट बसंत गुप्ता ने मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

इसके बाद शहीद कैप्टन शुभम गुप्ता के जीवन पर आधारित डॉक्यूमेंट्री फिल्म प्रदर्शित की गई। इसमें उनके जीवन, सैन्य सफर, देशसेवा के प्रति समर्पण और मातृभूमि की रक्षा करते हुए दिए गए सर्वोच्च बलिदान की स्मृतियों को दर्शाया गया। डॉक्यूमेंट्री देखकर सभागार में मौजूद लोग भावुक हो उठे।

कवियों की रचनाओं में झलका सैनिकों का शौर्य और बलिदान

राष्ट्रीय कवि सम्मेलन में जबलपुर से आए कवि सुदीप भोला ने सैनिकों की वर्दी के गौरव और उनके बलिदान को अपनी ओजस्वी प्रस्तुति के माध्यम से अभिव्यक्त किया। उनकी रचना ने श्रोताओं में राष्ट्रभक्ति का जोश भर दिया।

भोपाल से आए कवि पवन जैन ने जीवन के संघर्ष और मानवीय संवेदनाओं को अपनी कविता के माध्यम से प्रस्तुत किया। वहीं दिल्ली से पहुंचे डॉ. प्रवीण शुक्ला ने तिरंगे की आन-बान और देश की सांस्कृतिक विरासत का सुंदर चित्रण किया।

लखनऊ की कवयित्री डॉ. कविता तिवारी ने शहीदों के बलिदान को देश की असली ताकत बताते हुए अपनी ओजस्वी पंक्तियों से खूब तालियां बटोरीं। उनकी प्रस्तुति ने श्रोताओं को भावविभोर कर दिया।

इटावा के कवि गौरव चौहान ने अपनी रचना के माध्यम से शहीद कैप्टन शुभम गुप्ता को याद करते हुए कहा कि शुभम आज भी भारत माता के सीने में धड़क रहे हैं। उनकी प्रस्तुति पर सभागार तालियों से गूंज उठा।

वहीं इंदौर के कवि एकाग्र शर्मा ने भारतीय सेना के शौर्य, पराक्रम और गौरव का बखान करते हुए सेना को देश के स्वाभिमान का प्रतीक बताया।

माता-पिता ने साझा किए भाव, युवाओं को प्रेरित करता रहेगा शुभम का बलिदान

शहीद कैप्टन शुभम गुप्ता के पिता एडवोकेट बसंत गुप्ता और माता पुष्पा गुप्ता ने कहा कि कैप्टन शुभम का अदम्य साहस और देश के प्रति उनका समर्पण सदैव युवाओं को प्रेरित करता रहेगा। नई पीढ़ी में राष्ट्रप्रेम की भावना जागृत करने और शुभम की स्मृतियों को जीवंत बनाए रखने के उद्देश्य से राष्ट्रीय कवि सम्मेलन का आयोजन किया गया।

सैनिकों के अदम्य साहस और शहीद परिवारों के त्याग को किया नमन

कवि सम्मेलन में प्रस्तुत रचनाओं में कहीं सैनिकों के अदम्य साहस की गूंज सुनाई दी तो कहीं मातृभूमि के प्रति समर्पण और शहीदों के परिवारों के त्याग का भाव दिखाई दिया। श्रोताओं ने तालियों और भारत माता के जयकारों के साथ कवियों का उत्साहवर्धन किया।

इस अवसर पर डॉ. केशवदत्त गुप्ता, डॉ. तरुण शर्मा, प्रमोद कुमार अग्रवाल, विनय सिंघल, राजीव अग्रवाल, टीटू गोयल, अखिलेश भटनागर, पुष्पेंद्र सिसोदिया, धर्मगोपाल मित्तल, मुकेश मित्तल, तपन अग्रवाल, सीए विवेक अग्रवाल, उमेश बंसल, चन्द्रवीर सिंह, जितेंद्र बंसल, केके अग्रवाल, मनीष जैन, संजीव दौनेरिया सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।

https://x.com/TigerCharlii/status/2124503977471664280?a=mD0WVceY7fbUWmfxWz0&s=19 शहीद कैप्टन शुभम गुप्ता की स्मृति में आयोजित यह कवि सम्मेलन राष्ट्रभक्ति, वीरता और देश के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर जवानों के प्रति सम्मान व्यक्त करने का भावपूर्ण अवसर बना।

इस खबर को शेयर करें
Dheeraj singh · Editorial Associate

धीरज सिंह कारोबार, बाज़ार और टेक्नोलॉजी बीट के पत्रकार हैं। शेयर बाज़ार, अर्थव्यवस्था, स्टार्टअप और गैजेट्स पर सरल भाषा में विश्लेषण देना उनकी खासियत है। जटिल आर्थिक मुद्दों को वे आम पाठक के लिए…

और देखें: Dheeraj singh →