बॉलीवुड अभिनेत्री सोनाक्षी सिन्हा की कथित अश्लील मॉर्फ्ड तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने के मामले में गिरफ्तार आरोपी को मुंबई की अदालत से राहत मिल गई है। पुलिस ने आरोपी को दिल्ली से गिरफ्तार कर मुंबई की बांद्रा कोर्ट में पेश किया था और तीन दिन की हिरासत मांगी थी। हालांकि, अदालत ने गिरफ्तारी की प्रक्रिया में नियमों का पालन नहीं किए जाने पर सवाल उठाए और आरोपी को रिहा करने का आदेश दे दिया।
सोनाक्षी की शिकायत पर 13 नवंबर 2026 को बांद्रा पुलिस स्टेशन में यह केस दर्ज किया गया था। अभिनेत्री ने आरोप लगाया था कि दिल्ली के एक व्यक्ति ने सोशल मीडिया पर उनकी मॉर्फ्ड तस्वीरें साझा की हैं। जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी आर्यन दीपक जैन को शनिवार को दिल्ली के शाहदरा स्थित जगतपुरी पुलिस स्टेशन के इलाके से गिरफ्तार किया था। उसे 14 नवंबर को सुबह करीब 10:11 बजे गिरफ्तार किया गया था।
कोर्ट ने गिरफ्तारी को क्यों कहा गैरकानूनी
सुनवाई करते हुए अदालत ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 35(1)(बी) का उल्लेख किया। अदालत ने कहा कि गिरफ्तारी के समय इस धारा के तहत तय प्रक्रिया का पालन नहीं किया गया था। इसी वजह से अदालत ने गिरफ्तारी को गैरकानूनी मानते हुए आरोपी को रिहा करने का आदेश दिया। कोर्ट ने पुलिस को आगे की कार्रवाई में उचित कानूनी प्रक्रिया का पालन करने का निर्देश भी दिया।
पुलिस की चूक से मिली जमानत
पुलिस आरोपी को दिल्ली से मुंबई लेकर आई थी और उसकी तीन दिन की हिरासत मांग रही थी। लेकिन गिरफ्तारी की प्रक्रिया में हुई चूक की वजह से आरोपी को राहत मिल गई। सोनाक्षी सिन्हा और उनके पति जहीर इकबाल ने हाल ही में थाईलैंड में अपनी शादी की दूसरी सालगिरह मनाई थी। इस मामले की जांच अब कानूनी प्रक्रिया के दायरे में आगे बढ़ेगी।
