India Samachar 24
शनिवार, 21 नवंबर 2026
विज्ञापन
ad

सूरत में 24 घंटे में दो बार गरजी पुलिस की बंदूक, सीरियल लूट के दोनों आरोपी घायल

सूरत: सूरत में 19 नवंबर को महज 45 मिनट के भीतर पांच लूट और हमले की घटनाओं को अंजाम देने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। दोनों आरोपियों पर अलग अलग जगहों पर पुलिस ने फायरिंग की। पहले …

सूरत में 24 घंटे में दो बार गरजी पुलिस की बंदूक, सीरियल लूट के दोनों आरोपी घायल
हाफ एनकाउंटर के बाद घायल आरोपी को सूरत के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया।

सूरत: सूरत में 19 नवंबर को महज 45 मिनट के भीतर पांच लूट और हमले की घटनाओं को अंजाम देने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। दोनों आरोपियों पर अलग अलग जगहों पर पुलिस ने फायरिंग की। पहले लिंबायत पुलिस ने आरोपी परवेज मुशरफ अंसारी के पैर में गोली मारी। इसके बाद क्राइम ब्रांच ने उसके साथी लक्ष्मण उर्फ गुड्डू पर अडाजण इलाके में फायरिंग की। दोनों आरोपियों के पैर में गोली लगी है। उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

लिंबायत में ASI पर चाकू से हमला, जवाबी फायरिंग में परवेज घायल

लिंबायत पुलिस ने रात करीब 3 बजे नीलगिरी ग्राउंड के पास परवेज मुशरफ अंसारी को पकड़ने की कोशिश की। वह भागने लगा। पीछा कर घेरा गया तो उसने कॉन्स्टेबल अनिलकुमार अमरसिंह के पेट में चाकू मार दिया। पीआई डी.डी. चौहान ने आरोपी को चाकू फेंकने की चेतावनी दी और हवा में एक राउंड फायर किया। इसके बावजूद आरोपी चाकू लेकर पीआई पर हमला करने के लिए आगे बढ़ा। इस पर पीआई ने आत्मरक्षा में गोली चलाई, जो आरोपी के पैर में लगी।

अडाजण में PSI पर हमला, जवाबी फायरिंग में लक्ष्मण घायल

क्राइम ब्रांच की टीम लक्ष्मण को मेडिकल जांच के लिए ले जा रही थी। अडाजण में नमस्ते सर्कल के पास पुलिस वाहन के टायर में हवा कम होने पर ड्राइवर और एक कॉन्स्टेबल नीचे उतरे। इसी दौरान आरोपी लक्ष्मण उर्फ गुड्डू ने पीएसआई शैलेष दुबे पर हमला कर भागने की कोशिश की और उनका हथियार छीनने का प्रयास किया। क्राइम ब्रांच के पीआई आर.आई. जाडेजा ने बताया कि आरोपी के हमले के दौरान पीएसआई दुबे ने आत्मरक्षा में फायरिंग की। गोली लक्ष्मण के दाएं पैर में घुटने के नीचे लगी। उसके पैर में करीब 2 सेंटीमीटर गहरा घाव है। उसे सूरत की नई सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया।

45 मिनट में पांच वारदातें, राहगीरों को बनाया निशाना

पुलिस के मुताबिक परवेज और लक्ष्मण ने 19 नवंबर की सुबह करीब 4:10 से 4:55 बजे के बीच वराछा, महिधरपुरा और कतारगाम इलाकों में पांच वारदातों को अंजाम दिया।

- मातावाड़ी सर्कल, वराछा: सुबह 4:10 बजे एक युवक की जांघ में चाकू मारकर मोबाइल और 3,500 रुपये लूटे। - आयुर्वेदिक गरनाला, महिधरपुरा: सुबह 4:20 बजे एक युवक के पेट में चाकू से तीन वार किए। - बड़ौदा प्रेस्टिज, वराछा: सुबह 4:35 बजे एक युवक के पेट पर चाकू से हमला कर मोबाइल लूटा। - सुमुल डेयरी रोड, महिधरपुरा: सुबह 4:45 बजे एक राहगीर के बाएं हिस्से में चाकू से दो वार किए और गाली देकर फरार हो गए। - गजेरा सर्कल, कतारगाम: सुबह 4:55 बजे एक राहगीर के पेट और हाथ पर चाकू से हमला कर नकदी और मोबाइल लूटा।

गजेरा सर्कल की वारदात सीसीटीवी में कैद हुई। फुटेज में बाइक सवार दोनों आरोपी राहगीर को रोककर चाकू दिखाते नजर आए।

60 वर्षीय बस ड्राइवर से 19 हजार रुपये और मोबाइल लूटा

गजेरा सर्कल के पास हुई वारदात में 60 वर्षीय बस ड्राइवर लक्ष्मणसिंह भगवानसिंह वाला भी घायल हुए। एफआईआर के मुताबिक वह 19 नवंबर की सुबह करीब पौने पांच बजे काम पर जा रहे थे। लक्ष्मी डायमंड के गेट के पास बाइक पर आए दो लोगों ने उन्हें रोका। विरोध करने पर एक आरोपी ने उनके पेट और बाएं हाथ की कलाई पर चाकू से वार किया। दूसरा आरोपी उनका बैग ले गया, जिसमें डीजल के लिए रखे 12,000 रुपये थे। उनकी जेब से करीब 7,000 रुपये का ओप्पो मोबाइल भी लूट लिया गया। उन्हें 108 एम्बुलेंस से स्मीमेर अस्पताल ले जाया गया।

छह मोबाइल समेत 66 हजार रुपये का सामान बरामद

पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी मूल रूप से झारखंड का रहने वाला परवेज मुशरफ अंसारी है, जो फिलहाल लिंबायत में ममता टॉकीज के पास रहता है। उसने साथी लक्ष्मण उर्फ गुड्डू के साथ मिलकर वराछा, कतारगाम और महिधरपुरा में राहगीरों को निशाना बनाया था। पुलिस ने उसके पास से छह मोबाइल फोन और करीब 66 हजार रुपये का सामान बरामद किया है। सूरत के एडिशनल पुलिस कमिश्नर बलराम मीणा ने बताया कि सूरत सीपी वाबांग जामीर के निर्देश पर अलग अलग टीमों को आरोपियों की तलाश में लगाया गया था। उन्होंने कहा कि दोनों आरोपी पहले बड़े अपराधों में शामिल नहीं रहे थे, इसलिए उनकी पहचान और तलाश चुनौतीपूर्ण थी।

इस खबर को शेयर करें
न्यूज़ डेस्क · न्यूज़ डेस्क

इंडिया समाचार 24 की न्यूज़ डेस्क — देश और दुनिया की ताज़ा खबरें, सबसे पहले।

और देखें: न्यूज़ डेस्क →