पंजाब के तरनतारन में शनिवार शाम तीर्थयात्रा की दो बसों के बीच भीषण टक्कर हो गई। हादसा नेशनल हाईवे नंबर 54 पर शाम करीब 4 बजे हुआ। दोनों बसें तीर्थ यात्रा योजना के तहत श्रद्धालुओं को लेकर जा रही थीं। टक्कर में 4 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक दर्जन से ज्यादा यात्री घायल हुए हैं।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, मोटरसाइकिल सवारों को बचाने के प्रयास में एक बस अनियंत्रित होकर डिवाइडर पार कर सड़क के दूसरी ओर पहुंच गई और सामने से आ रही दूसरी बस से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों बसों के अगले हिस्से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई।
10 मौतों की आशंका, आधिकारिक पुष्टि नहीं
हादसे में करीब 10 लोगों की मौत होने की आशंका भी जताई जा रही है। हालांकि, खबर लिखे जाने तक प्रशासन या पुलिस की ओर से मृतकों की संख्या को लेकर कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई थी। घायलों को बसों से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाने के प्रयास किए गए।
हादसे के प्रत्यक्षदर्शी और कोट ईसे खां के प्रमुख राजनीतिक नेता बलबीर सिंह पांधी ने बताया कि दोनों बसों की टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बसों के परखच्चे उड़ गए। बसों की हालत देखकर बड़े स्तर पर जानमाल के नुकसान की आशंका जताई जा रही है।
पुलिस हादसे के कारणों की जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन और स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए। राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया गया। फिलहाल पुलिस प्रशासन हादसे के कारणों और हताहतों की वास्तविक संख्या का पता लगा रहा है।
