वोडाफोन आइडिया (Vi) ने TRAI के निर्देश पर उतारे गए सस्ते रिचार्ज प्लान का एक अलग सेक्शन अपनी वेबसाइट और ऐप पर उपलब्ध कराया है। इसमें कुल 14 प्लान मौजूद हैं, जिनकी शुरुआत 10 रुपये से हो जाती है। इनमें टॉकटाइम के साथ आने वाले प्लान और वॉइस ओनली प्लान के साथ साथ डेटा के साथ आने वाले ऑप्शन भी उपलब्ध हैं। इससे पहले तक Vi ने अपनी ऐप या वेबसाइट पर TRAI के सस्ते प्लान के लिए कोई अलग सेक्शन नहीं बनाया था, जिसकी वजह से लोगों के लिए इन प्लान को ढूंढना काफी मुश्किल था।
TRAI का निर्देश क्या था
TRAI के सस्ते वॉइस ओनली प्लान से जुड़े निर्देश में ऐप और वेबसाइट पर अलग से सेक्शन बनाकर एक जगह पर सभी प्लान पेश करने की बात भी शामिल थी। Vi ने अब इस निर्देश का पालन करते हुए अपनी वेबसाइट और ऐप पर TRAI के सस्ते प्लान का अलग सेक्शन बना दिया है। इस सेक्शन में सभी 14 प्लान एक जगह पर देखे जा सकते हैं।
10 रुपये से शुरू होते हैं सस्ते प्लान
Vi के सस्ते TRAI प्लान 10 रुपये से शुरू हो जाते हैं। 10 रुपये वाला प्लान एक टॉप अप वाउचर है, इसमें कोई अलग से सर्विस वैलिडिटी नहीं मिलती। इसमें कुल 7.47 रुपये का टॉकटाइम बैलेंस मिलता है। इसके अलावा इस पैक में कोई इंटरनेट डेटा या फ्री SMS की सुविधा भी नहीं मिलेगी।
Vi के सस्ते कॉलिंग प्लान
अगला प्लान 185 रुपये का है, जो कि एक वॉइस ओनली पैक है। इसकी वैलिडिटी पूरे 28 दिनों की रहती है। इसमें अनलिमिटेड कॉलिंग के साथ कुल 300 फ्री SMS का फायदा मिलेगा। इस पैक में भी कोई इंटरनेट डेटा नहीं मिलता। Vi का 203 रुपये वाला प्लान भी एक वॉइस ओनली रिचार्ज प्लान है, जो कि 30 दिनों की वैलिडिटी के साथ आता है। इसमें भी अनलिमिटेड कॉलिंग के साथ 300 SMS का फायदा मिलेगा। इस पैक में भी डेटा शामिल नहीं होगा। Vi का 206 रुपये वाला वॉइस ओनली प्लान पूरे 1 कैलेंडर महीने की वैलिडिटी के साथ आता है। इसमें भी अनलिमिटेड कॉलिंग और कुल 300 फ्री SMS की सुविधा मिलती है। इस पैक में भी इंटरनेट नहीं मिलता।
डेटा वाले सस्ते प्लान भी हैं
ऐसा नहीं है कि Vi ने सस्ते TRAI प्लान में सिर्फ वॉइस ओनली प्लान उतारे हैं। इनमें कुछ प्लान उन लोगों को ध्यान में रखकर पेश किए गए हैं, जो मुख्य रूप से कॉलिंग करते हैं लेकिन थोड़ा बहुत इंटरनेट भी चलाते हैं। इस तरह के पहले प्लान की कीमत 218 रुपये है। इसकी वैलिडिटी पूरे 1 महीने की है। इसमें अनलिमिटेड कॉलिंग के साथ कुल 300 SMS मिलते हैं। इसके अलावा पूरी वैलिडिटी के लिए कुल 3GB हाई स्पीड डेटा मिलता है। इसी तरह का 30 दिन की वैलिडिटी वाला प्लान 224 रुपये का आता है। इसमें भी सभी नेटवर्क पर अनलिमिटेड कॉलिंग और SMS की सुविधा मिलती है। साथ ही 4GB इंटरनेट डेटा भी अलग से दिया जाता है। इसके अलावा एक कैलेंडर महीने की वैलिडिटी वाला प्लान 232 रुपये का आता है। इसमें अनलिमिटेड कॉलिंग का फायदा और कुल 4GB डेटा मिलता है।
टॉकटाइम और अनलिमिटेड 5G वाले प्लान
Vi के 234 रुपये वाले प्लान में 30 दिनों की सर्विस वैलिडिटी और अनलिमिटेड कॉलिंग के साथ 7.47 रुपये का अलग से टॉकटाइम बैलेंस भी मिलता है। इसके अलावा इसमें कुल 4GB डेटा भी मिलता है। इसके बाद अगला प्लान 242 रुपये का आता है। इसकी वैलिडिटी पूरे 1 कैलेंडर महीने की मिलती है। इसमें अनलिमिटेड कॉलिंग और 7.47 रुपये के टॉकटाइम बैलेंस के साथ कुल 4GB डेटा मिलता है। Vi का 345 रुपये वाला प्लान 30 दिनों की वैलिडिटी के साथ आता है। इसमें अनलिमिटेड कॉलिंग के साथ रोजाना 100 फ्री SMS मिलते हैं। इसके अलावा इस प्लान में बिना किसी डेली लिमिट के कुल 25GB हाई स्पीड डेटा दिया जाता है। इसी तरह 379 रुपये वाले प्लान में पूरे 1 महीने की वैलिडिटी, अनलिमिटेड वॉइस कॉलिंग के साथ प्रतिदिन 100 SMS और रोजाना 2GB 4G डेटा के साथ अनलिमिटेड 5G डेटा और वीकेंड डेटा रोलओवर का फायदा भी मिलता है।
लंबी वैलिडिटी वाले प्लान
लंबी वैलिडिटी वाले प्लान की शुरुआत 470 रुपये से होती है। इसमें 84 दिनों के लिए अनलिमिटेड कॉलिंग और कुल 900 फ्री SMS दिए जाते हैं। एक वॉइस ओनली प्लान होने की वजह से इसमें कोई डेटा नहीं मिलता है। इसके बाद 1,189 रुपये वाले प्लान का नंबर आता है, जो कि 365 दिनों की वैलिडिटी देता है। इसमें साल भर के लिए कुल 50GB हाई स्पीड डेटा मिलता है। इन सस्ते प्लान से उन यूजर्स को फायदा होगा, जो मुख्य रूप से कॉलिंग करते हैं और जिन्हें ज्यादा डेटा की जरूरत नहीं होती।
