आयुष्मान कार्ड बनाए जाने में आ रही समस्याओं के समाधान हेतु आयोजित हुआ सर्वे
कुंडोल ग्राम पंचायत में आयुष्मान भारत योजना के तहत घर-घर सर्वे अभियान सम्पन्न

आगरा। बरौली अहीर ब्लॉक के अंतर्गत ग्राम पंचायत कुंडोल में आयुष्मान भारत–प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के तहत पात्र लाभार्थी परिवारों के छूटे हुए सदस्यों के आयुष्मान कार्ड बनाए जाने में आ रही समस्याओं के समाधान हेतु विशेष घर-घर सर्वे अभियान चलाया गया।
इस सर्वे अभियान के दौरान योजना के नोडल अधिकारी डॉ. ऋषि गोपाल, ग्राम विकास अधिकारी (वीडीओ) गामा सिंह तथा आयुष्मान टीम के सदस्यों द्वारा प्रत्येक घर पर जाकर भौतिक सत्यापन किया गया। टीम ने पात्र परिवारों की पहचान करते हुए उनके आयुष्मान कार्ड बनवाने में आ रही कठिनाइयों को समझा और मौके पर ही उनके समाधान के लिए आवश्यक प्रयास किए।
अभियान का मुख्य उद्देश्य ऐसे परिवारों को चिन्हित करना था, जो अभी तक योजना के लाभ से वंचित हैं। साथ ही, टीम ने ग्रामीणों को आयुष्मान भारत योजना के महत्व एवं इसके अंतर्गत मिलने वाली स्वास्थ्य सुविधाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
इस पहल के माध्यम से पात्र लाभार्थियों को योजना से जोड़ने और अधिक से अधिक परिवारों को स्वास्थ्य सुरक्षा प्रदान करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया।



