उत्तराखंड

योग के साथ स्वच्छता का संदेश, शांतिकुंज साधकों ने साफ किया पंतद्वीप

हरिद्वार । अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर योगाभ्यास के उपरांत शांतिकुंज के सैकड़ों साधकों ने हर की पौड़ी के निकट स्थित पंतद्वीप में वृहद स्वच्छता अभियान चलाकर समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी का परिचय दिया। योग दिवस के कार्यक्रमों में भाग लेने के बाद साधक बड़ी संख्या में पंतद्वीप पहुंचे और वहां फैले कूड़े-कचरे को हटाने का कार्य शुरू किया। यह अभियान शांतिकुंज के युवा प्रतिनिधि डॉ. चिन्मय पण्ड्या के निर्देशन में संपन्न हुआ। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि योग शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य तक सीमित ही नहीं है, बल्कि स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक जिम्मेदारी भी योग के मूल उद्देश्यों का हिस्सा हैं।
बता दें कि हाल ही में पड़ी सोमवती अमावस्या के अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आगमन के कारण क्षेत्र में काफी मात्रा में कूड़ा-कचरा एकत्र हो गया था। स्वच्छता अभियान में शामिल गायत्री साधकों ने पूरे उत्साह और समर्पण के साथ सफाई कार्य किया। उन्होंने प्लास्टिक, कागज, कपड़े तथा अन्य प्रकार के अपशिष्ट पदार्थों को अलग-अलग एकत्रित कर निर्धारित स्थानों पर जमा किया। अभियान के दौरान साधकों ने स्वच्छता के प्रति जनजागरण का संदेश भी दिया और लोगों से सार्वजनिक स्थलों को साफ-सुथरा बनाए रखने की अपील की। उल्लेखनीय है कि समय समय पर शांतिकुंज व देवसंस्कृति विवि परिवार इस तरह की सेवा कार्य सदैव से करता आ रहा है।
सफाई अभियान के अंत में प्रशासन द्वारा उपलब्ध कराए गए वाहनों के माध्यम से एकत्रित कूड़े-कचरे को निस्तारण हेतु भेजा गया। इस अवसर पर साधकों ने स्वच्छता को सेवा और साधना का महत्वपूर्ण अंग बताते हुए पर्यावरण संरक्षण का संकल्प भी दोहराया। अभियान में बड़ी संख्या में युवा, महिला एवं वरिष्ठ साधकों ने सक्रिय सहभागिता निभाई।

Share this post to -

Related Articles

Back to top button