जनभवन में योग दिवस पर स्वस्थ्य जीवन का संदेश, राज्यपाल ने किया योग

लखनऊ। राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने आज जन भवन, लखनऊ में आयोजित 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रम में मातृशक्ति के साथ सामूहिक योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवनशैली का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि आज करोड़ों लोग योग को अपने जीवन का हिस्सा बना चुके हैं। बच्चे, युवा, महिलाएं और बुजुर्ग सभी योग के महत्व को समझ रहे हैं। स्वास्थ्य के प्रति सजग रहें और प्रतिदिन योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाएं।
उन्होंने कहा कि इस वर्ष अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की थीम “योगा फॉर हेल्दी एजिंग” है, जो स्वस्थ और सक्रिय वृद्धावस्था का संदेश देती है। यदि वृद्धावस्था में गुणवत्तापूर्ण और स्वस्थ जीवन जीना है तो योग को अपनाना आवश्यक है। जब शरीर स्वस्थ, मन प्रसन्न और विचार सकारात्मक होते हैं, तभी व्यक्ति अपनी पूर्ण क्षमता के साथ परिवार, समाज और राष्ट्र के विकास में योगदान दे सकता है।



