तीन साल से बिछड़े भाई को पुलिस ने मिलाया
आगरा। तीन साल पहले परिवार से नाराज होकर आए बुलंदशहर के युवक को थाना एत्मादुद्दौला पुलिस ने उसके बड़े भाई से मिलवाया। दोनों भाइयों की आंखों में आंसू आ गए। पुलिस को धन्यवाद दिया।
जिला बुलंदशहर के फतेहाबाद गांव के निवासी जगवीर गौतम पुत्र स्वर्गीय बिल्लू तीन वर्ष पहले अपने परिवार से नाराज होकर घर से निकल आए थे। लोगों से खाना मांग कर और सड़कों पर सोकर वह अपना जीवन निर्वहन कर रहे थे। बुधवार की रात रामबाग डिवीजन चौकी इंचार्ज मोहित मलिक गश्त पर थे। उसी समय उन्हें रामबाग पुल के नीचे जगवीर एक – कंबल ओढ़कर सोते हुए मिले। पूछताछ करने के बाद उन्होंने अपना नाम और पता पुलिस को बताया। पुलिस ने चौकी
लाकर उन्हें चाय पिलाकर पहनने के लिए गर्म कपड़े दिए गए। सी प्लान अप के तहत जगवीर के परिवारीजनों से संपर्क किया। उनके बड़े भाई विनोद गौतम से बात करके उन्हें आगरा बुलाया गया। विनोद गौतम ग्राम वासियों के साथ थाना एत्माउद्दौला की रामबाग डिवीज़न चौकी पहुँचे। तीन साल बाद अपने छोटे भाई को सामने देख उन्होंने गले लगा लिया।
एक दूसरे के गले लगते ही दोनों भाई फूट-फूटकर रोने लगे। छोटे भाई को सकुशल मिलवाने के लिए खुशी के आंसुओ के साथ विनोद गौतम द्वारा आगरा पुलिस को धन्यवाद दिया गया। उन्होंने बताया कि घरवालों की डांट से नाराज होकर जगवीर बिन बताए घर से चला गया था। विनोद अपने छोटे भाई जगवीर को सकुशल अपने साथ वापस बुलंदशहर ले गए।