यातायात व्यवस्था में समस्या होने पर टीएसआई होंगे जिम्मेदार

आगरा। कमिश्नरेट की यातायात व्यवस्था में सुधार के लिए एक बार फिर नई योजना बनाई गई है। नवंबर 2024 में यातायात माह के दौरान सुधार के लिए 20 चौराहे चिह्नित किए गए थे। नतीजा जनता के सामने है। इस बार चौराहों को ग्रेड के रूप में चिह्नित किया गया है। ए प्लस चौराहे ज्यादा व्यस्त रहते हैं। वहां यातायात के संचालन के लिए टीएसआई को जिम्मेदारी दी गई है। अतिरिक्त फोर्स भी लगाया गया है।
शहर के चौराहे और तिराहों को ए प्लस, ए और बी ग्रेड दी गई है। ए प्लस श्रेणी में 15 चौराहों को रखा गया है। इन चौराहों पर दो शिफ्टों में सुबह साढ़े सात बजे से रात 11 बजे तक यातायात पुलिस तैनात रहेगी। दरोगा, सिपाही और होमगार्ड लगाए जाएंगे। बुधवार को पुलिस लाइन सभागार में पुलिस आयुक्त जे रविन्दर गौड ने यातायात
व्यवस्था के संबंध में बैठक ली। जिसमें बताया गया कि यातायात व्यवस्था में व्यापक सुधार के लिए कमिश्नरेट में यातायात व्यवस्था को 7 ग्रिड (कार्यक्षेत्र) में बांटा गया है। प्रत्येक ग्रिड की जिम्मेदारी एक टीएसआई को दी गई है। उसे फोर्स आवंटित किया गया है। सिटी जोन में छह और देहात में एक ग्रिड बनाया गया है। यातायात
व्यवस्था में समस्या होने पर अपने ग्रिड के लिए टीएसआई जिम्मेदार होंगे। अपने ग्रिड में यातायात कर्मियों की ड्यूटी भी वे खुद लगा सकेंगे। पुलिस आयुक्त ने बताया कि रोड सेफ्टी सेल ने शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में 100 ब्लैक स्पॉट्स चिह्नित किए हैं। कहीं पर डिवाइडर टूटे हैं तो कहीं पर सड़क में गड्ढे हैं। कई जगह साइनेज नहीं हैं। सुधार के लिए डीसीपी और एसीपी को निर्देशित किया गया है। दोनों अधिकारी संबंधित विभागों से समन्वय स्थापित करके इस कार्य को अतिशीघ्र कराएंगे। हादसों पर अंकुश के लिए ब्लैक स्पॉट की समस्याओं का निस्तारण एडीए, एनएचएआई, पीडब्ल्यूडी, नगर निगम से समन्वय कर कराएंगे।
ए प्लस श्रेणी के चौराहों पर रात 11 बजे तक ड्यूटी
ए प्लस श्रेणी में उन चौराहों को रखा गया है जहां सुबह सात बजे से रात 11 बजे तक यातायात का भार रहता है। 15 चौराहों को ए प्लस श्रेणी में रखा गया है। इनमें एमजी रोड के हरीपर्वत, सेंट जोंस, क्लब, हाइवे पर सिकंदरा, रामबाग, भगवान टाकीज के अलावा खेरिया मोड़ को भी शामिल किया गया है। ए श्रेणी में 27 चौराहे शामिल हैं। यहां सुबह नौ से रात नौ बजे तक ड्यूटी रहेगी। बी श्रेणी वाले 40 चौराहे हैं। इन पर सिपाही और होमगार्ड रहेंगे।