समाजवादी पार्टी (सपा) संसद के अगले हफ्ते होने वाले चार दिवसीय विशेष सत्र में हिस्सा लेगी और परिसीमन तथा महिला आरक्षण से जुड़े संविधान संशोधन विधेयकों के पैकेज का विरोध करेगी। पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव ने शुक्रवार को साफ कहा कि मोदी सरकार यह बिल सिर्फ आगामी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव जीतने के लिए ला रही है। सपा ने लोकसभा और राज्यसभा के अपने सभी सांसदों को सत्र के दौरान मौजूद रहने का व्हिप जारी कर दिया है।
परिसीमन बिल भाजपा की सबसे बड़ी गलती साबित होगा
अखिलेश यादव ने शुक्रवार को सोशल मीडिया मंच एक्स पर लिखा कि परिसीमन भाजपा की राजनीति की सबसे बड़ी गलती साबित होगा। बाद में पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि जब सरकार को लगा कि यूपी का चुनाव उसके हाथ से फिसल रहा है, तो परिसीमन बिल सिर्फ यूपी चुनाव जीतने के लिए लाया जा रहा है और इसके जरिए पूरे देश को गुमराह किया जा रहा है।
अखिलेश ने अयोध्या में राम मंदिर के लिए जुटाए गए चंदे में कथित गड़बड़ी का हवाला देते हुए आरोप लगाया कि चंदे को लेकर उठे सवालों के बाद सरकार परिसीमन का मुद्दा आगे ला रही है। उन्होंने कहा कि सरकार के अब तक के बड़े फैसलों से जनता को कोई खास फायदा नहीं मिला है, इसलिए परिसीमन को लेकर भी जनता को सतर्क रहना चाहिए।
सपा ने जारी किया व्हिप, सोमवार को संसदीय दल की बैठक
सपा सूत्रों के अनुसार पार्टी ने लोकसभा और राज्यसभा के अपने सदस्यों को सत्र के दौरान उपस्थित रहने के लिए व्हिप जारी किया है। अखिलेश यादव सत्र शुरू होने से पहले सोमवार सुबह नई दिल्ली में पार्टी के संसदीय दल की बैठक लेंगे, जिसमें आगे की रणनीति तय की जाएगी। लोकसभा में सपा के 37 और राज्यसभा में पांच सदस्य हैं, जो विपक्ष के लिए दोनों सदनों में अहम संख्या है।
पार्टी के राज्यसभा सांसद जावेद अली खान ने कहा कि सपा संसद के सत्र में हिस्सा लेगी, क्योंकि पार्टी मानती है कि इस बिल के देश के लिए विनाशकारी परिणाम होंगे। उन्होंने कहा कि सोमवार को होने वाली पार्टी बैठक में आगे के फैसले लिए जाएंगे।
संख्या के खेल पर क्या बोले अखिलेश
संसद में सत्ता पक्ष और विपक्ष की संख्या को लेकर पूछे गए सवाल पर अखिलेश यादव ने कहा कि जहां तक संख्या का सवाल है, वहां संख्या का खेल चलेगा। उन्होंने कहा कि वह इतना कह सकते हैं कि परिसीमन भाजपा की सबसे बड़ी गलती साबित होगा। उनके अनुसार सरकार ने अब तक जो भी बड़े फैसले लिए हैं, उनसे जनता को कोई खास लाभ नहीं मिला है।
सपा के एक अन्य नेता ने कहा कि परिसीमन के बाद सीटों की संख्या बढ़ना सभी राजनीतिक दलों और राज्यों के लिए फायदेमंद हो सकता है, बशर्ते यह ईमानदार मंशा से किया जाए। लेकिन भाजपा हर राजनीतिक फैसले को चुनाव में अपने लिए अनुकूल जमीन बनाने के नजरिए से लेती है। ऐसे में सपा परिसीमन बिल के पक्ष में खड़ी नहीं हो सकती और इसके खिलाफ वोट करेगी।
कांग्रेस से गठबंधन पर क्या कहा
यूपी चुनाव में कांग्रेस से गठबंधन को लेकर पूछे गए सवाल पर अखिलेश यादव ने कहा कि परिसीमन बिल ही बता देगा कि कौन सी पार्टी किसके साथ है। उन्होंने कहा कि यह बिल इसलिए लाया जा रहा है, क्योंकि भाजपा जेन-जी आंदोलन के बाद सदमे में है और यूपी में अपने लिए अनुकूल माहौल नहीं बना पा रही है।
गौरतलब है कि संसद का विशेष सत्र अगले हफ्ते चार दिन चलेगा, जिसमें परिसीमन और महिला आरक्षण से जुड़े संविधान संशोधन विधेयकों पर विचार होना है। विपक्षी दलों ने पहले ही इन विधेयकों को लेकर सरकार पर निशाना साधा है, जबकि सरकार का कहना है कि परिसीमन लोकतांत्रिक प्रक्रिया का हिस्सा है। सपा के विरोध के एलान के बाद विशेष सत्र में इस मुद्दे पर तीखी बहस होने की संभावना बढ़ गई है।




