आगरा, 24 नवंबर। बुखार या खांसी दोबारा होने पर पिछली बार इस्तेमाल की गई एंटीबायोटिक दवा खुद से शुरू न करें। घर में बची हुई एंटीबायोटिक किसी दूसरे व्यक्ति को भी न दें। एक जैसे लक्षण होने के बावजूद बीमारी का कारण अलग-अलग हो सकता है। इसलिए दवा का चुनाव चिकित्सकीय जांच और सलाह के आधार पर ही किया जाना चाहिए।
यह अपील इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए), आगरा की ओर से विश्व एंटीमाइक्रोबियल प्रतिरोध (एएमआर) जागरूकता सप्ताह के समापन पर की गई। मंगलवार को आईएमए भवन में आयोजित प्रेस वार्ता में आईएमए आगरा के उपाध्यक्ष डॉ. शमशेर सिंह, मानद सचिव डॉ. मुकेश भारद्वाज, कोषाध्यक्ष डॉ. करन आर. रावत सहित सरकारी एवं निजी क्षेत्र के वरिष्ठ चिकित्सकों ने एंटीबायोटिक के सही इस्तेमाल और दवाओं के प्रति बढ़ते प्रतिरोध पर जानकारी दी।
बच्चों में सर्दी-जुकाम पर एंटीबायोटिक का नहीं होता लाभ
बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. अरुण जैन और डॉ. मुकेश भारद्वाज ने बताया कि बच्चों में होने वाला सामान्य सर्दी-जुकाम अक्सर वायरस के कारण होता है, जिसमें एंटीबायोटिक से लाभ नहीं मिलता। उन्होंने अभिभावकों को सलाह दी कि दो बच्चों के लक्षण एक जैसे होने पर भी एक बच्चे की दवा दूसरे को न दें।
उन्होंने कहा कि यदि बच्चे को सांस लेने में परेशानी हो या वह दूध-पानी पीने में असमर्थ हो, तो तत्काल चिकित्सा सहायता लेनी चाहिए।
बुखार में खुद से एंटीबायोटिक न बदलें
फिजिशियन डॉ. शम्मी कालरा, डॉ. सचिन गोयल और आईएमए आगरा के संयुक्त सचिव डॉ. गौरव सिकरवार ने कहा कि बुखार बने रहने पर मरीजों को अपनी ओर से एंटीबायोटिक बदलने या नई दवा शुरू करने से बचना चाहिए। चिकित्सक बुखार की अवधि, अन्य लक्षणों और शारीरिक जांच के आधार पर निर्णय लेते हैं कि मरीज को एंटीबायोटिक की आवश्यकता है या नहीं।
गर्भावस्था में संक्रमण की समय पर जांच जरूरी
स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ डॉ. अनुश्री रावत ने बताया कि गर्भावस्था के दौरान पेशाब में जलन होने पर समय रहते जांच करानी चाहिए। पेशाब के संक्रमण में चिकित्सक गर्भावस्था के लिए सुरक्षित दवा का चयन करते हैं। कल्चर रिपोर्ट आने के बाद यह भी देखा जाता है कि निर्धारित दवा संबंधित बैक्टीरिया पर प्रभावी है या उसमें बदलाव की आवश्यकता है।
जांच रिपोर्ट के आधार पर तय होता है इलाज
पैथोलॉजिस्ट डॉ. ऋचा कुमार और डॉ. आरती अग्रवाल (पैथोलॉजी, एसएनएमसी) ने बताया कि खून की जांच में सफेद रक्त कोशिकाओं की संख्या बढ़ने के कई कारण हो सकते हैं। इसी प्रकार सीआरपी का बढ़ना शरीर में सूजन का संकेत हो सकता है। एंटीबायोटिक की जरूरत तय करने के लिए चिकित्सक जांच रिपोर्ट को मरीज के लक्षणों और शारीरिक परीक्षण के साथ मिलाकर देखते हैं।
एस.एन. मेडिकल कॉलेज, आगरा के माइक्रोबायोलॉजी विभागाध्यक्ष एवं आईएमए आगरा के संपादक प्रो. (डॉ.) अंकुर गोयल तथा वरिष्ठ माइक्रोबायोलॉजिस्ट एवं आईएमए के वरिष्ठ सदस्य डॉ. बी.एम. अग्रवाल ने कल्चर रिपोर्ट के महत्व को समझाया।
उन्होंने बताया कि कल्चर रिपोर्ट में किसी दवा के सामने 'रेजिस्टेंट' लिखा होने का अर्थ है कि नमूने में पाए गए बैक्टीरिया पर उस दवा के प्रभावी होने की संभावना कम है। एंटीबायोटिक का अनावश्यक इस्तेमाल ऐसे बैक्टीरिया को बढ़ने और फैलने का अवसर देता है।
ऑपरेशन के बाद एंटीबायोटिक की अवधि का निर्णय चिकित्सक करें
सर्जन डॉ. समीर कुमार और डॉ. करन आर. रावत ने बताया कि एंटीबायोटिक कितने दिनों तक दी जाएगी, इसका निर्धारण टांके कटने की तारीख से नहीं होता। जिन ऑपरेशनों में संक्रमण से बचाव के लिए एंटीबायोटिक आवश्यक होती है, उनमें चीरा लगाने से पहले दवा दी जाती है। ऑपरेशन के बाद घाव में संक्रमण होने पर जांच के आधार पर उपचार तय किया जाता है।
सेप्सिस में एंटीबायोटिक देने में देरी हो सकती है जानलेवा
क्रिटिकल केयर विशेषज्ञ डॉ. अतिहर्ष अग्रवाल ने बताया कि जब किसी मरीज में बैक्टीरिया के संक्रमण के कारण शरीर के अंगों का काम प्रभावित होने लगे, तो सेप्सिस की आशंका होती है। ऐसी स्थिति में एंटीबायोटिक उपचार शुरू करने में देरी जानलेवा हो सकती है। बाद में कल्चर रिपोर्ट और मरीज की स्थिति के आधार पर चिकित्सक तय करते हैं कि कौन-सी दवा जारी रखनी है।
18 से 24 नवंबर तक मनाया जाता है एएमआर जागरूकता सप्ताह
विश्व एंटीमाइक्रोबियल प्रतिरोध जागरूकता सप्ताह हर वर्ष 18 से 24 नवंबर तक मनाया जाता है। वर्ष 2026 की थीम "One Health, One Action: Prevent AMR Now" रखी गई है।
आईएमए आगरा ने शहरवासियों से अपील की कि एंटीबायोटिक का पर्चा लेते समय चिकित्सक से यह जरूर समझें कि दवा किस कारण दी गई है, कितनी मात्रा में लेनी है और कितने दिनों तक इसका सेवन करना है।
चिकित्सकों ने स्पष्ट किया कि एंटीबायोटिक का जिम्मेदारीपूर्वक इस्तेमाल ही दवाओं के प्रति बढ़ते प्रतिरोध को रोकने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।

