India Samachar 24
बुधवार, 18 नवंबर 2026
विज्ञापन
ad

अयोध्या में 14 कोसी परिक्रमा मुहूर्त से पहले शुरू, करीब 30 लाख श्रद्धालुओं के आने का अनुमान

अयोध्या में अक्षय नवमी पर 14 कोसी परिक्रमा मुहूर्त से पहले ही शुरू हो गई। परिक्रमा का शुभारंभ मंगलवार रात एक बजकर 21 मिनट पर होना था, लेकिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहले ही नंगे पांव आस्था की यात्रा…

अयोध्या में 14 कोसी परिक्रमा मुहूर्त से पहले शुरू, करीब 30 लाख श्रद्धालुओं के आने का अनुमान
अयोध्या में परिक्रमा मार्ग पर चलते श्रद्धालु। (फोटो: एनबीटी)

अयोध्या में अक्षय नवमी पर 14 कोसी परिक्रमा मुहूर्त से पहले ही शुरू हो गई। परिक्रमा का शुभारंभ मंगलवार रात एक बजकर 21 मिनट पर होना था, लेकिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहले ही नंगे पांव आस्था की यात्रा पर निकल पड़े। नाका स्थित सिद्ध हनुमानगढ़ी से परिक्रमा शुरू करने से पहले श्रद्धालुओं ने धरती मां को प्रणाम किया।

इसके बाद जय श्रीराम के उद्घोष और भजन कीर्तन के बीच श्रद्धालु परिक्रमा मार्ग पर आगे बढ़े। परिक्रमा मार्ग पर सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखी जा रही है। प्रशासन ने सुरक्षा के लिए व्यापक इंतजाम किए हैं।

30 लाख श्रद्धालुओं का अनुमान

इस बार करीब 30 लाख श्रद्धालुओं के परिक्रमा में शामिल होने का अनुमान है। रामवल्लभ कुंज मंदिर के महंत एवं राम मंदिर की धार्मिक समिति के सदस्य राजकुमार दास ने कहा कि 14 कोसी परिक्रमा प्रभु श्रीराम के प्रति अटूट आस्था का प्रतीक है।

राम मंदिर ट्रस्ट के सदस्य एवं निर्मोही अखाड़े के महंत दिनेंद्र दास ने कहा कि कार्तिक मास की अक्षय नवमी पर की गई परिक्रमा का पुण्य कभी नष्ट नहीं होता। इससे आत्मिक शुद्धि के साथ सांसारिक कष्टों से मुक्ति मिलती है।

रामलला के दर्शन रात 11 बजे तक

चौदह कोसी और पंचकोसी परिक्रमा के दौरान उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र न्यास ने रामलला के दर्शन का समय एक घंटे बढ़ा दिया है। अब 18 से 22 नवंबर तक श्रद्धालु रात 11 बजे तक दर्शन कर सकेंगे।

पहले रात 8:45 बजे मुख्य द्वार से प्रवेश बंद कर दिया जाता था। नई व्यवस्था के तहत रात 8:45 बजे भोग और संध्या आरती के लिए दर्शन रोक दिए जाएंगे। इसके बाद रात 9:30 से 11 बजे तक दोबारा प्रवेश और दर्शन शुरू होंगे। न्यास के सीईओ जितेंद्र मिश्र ने इसकी जानकारी प्रमुख पदाधिकारियों और पुलिस अधीक्षक (सुरक्षा) को दे दी है।

मंदिर परिसर में गोसदन

मंदिर परिसर के गोसदन में बनने का निर्माण शुरू हो गया है। गोसदन में शुरुआत में 8 से 10 देसी गायें रखी जाएंगी। इनके दूध, दही और घी से रामलला का पूजन, अभिषेक और भोग तैयार किया जाएगा।

परिक्रमा के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए प्रशासन और मंदिर न्यास की ओर से इंतजाम किए गए हैं। अक्षय नवमी की परिक्रमा अयोध्या की सबसे बड़ी धार्मिक यात्राओं में से एक मानी जाती है।

इस खबर को शेयर करें
न्यूज़ डेस्क · न्यूज़ डेस्क

इंडिया समाचार 24 की न्यूज़ डेस्क — देश और दुनिया की ताज़ा खबरें, सबसे पहले।

और देखें: न्यूज़ डेस्क →