पाकिस्तान के बलूचिस्तान स्थित मस्तुंग जिले में एक मिलिट्री कैंप पर आत्मघाती हमला हुआ है। बलूचिस्तान के सशस्त्र अलगाववादी संगठन बलूचिस्तान लिबरेशन आर्मी ने इस हमले की जिम्मेदारी ली है। बीएलए ने हमले में 18 पाकिस्तानी सैनिकों के मारे जाने का दावा किया है।
हमला मस्तुंग जिले के कनक इलाके में हुआ, जहां एक आत्मघाती हमलावर ने विस्फोटकों से भरे वाहन से मिलिट्री कैंप में टक्कर मार दी। विस्फोट के बाद बंदूकों से लैस बीएलए के दूसरे लड़ाकों ने कैंप पर हमला बोल दिया। यह हमला गुरुवार को हुआ और एन 25 नेशनल हाईवे के पास स्थित कंडावा सुरक्षा चौकी को निशाना बनाया गया।
बीएलए के दावे की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है। पाकिस्तानी सेना ने बीएलए के दावे वाले सैन्य हताहतों की कोई अलग से सार्वजनिक पुष्टि नहीं की है। हताहतों के आंकड़ों को लेकर दोनों पक्षों के दावे एक दूसरे से काफी अलग हैं।
बीएलए ने जारी किया वीडियो
बलूचिस्तान लिबरेशन आर्मी ने हमले का एक वीडियो जारी किया है, जिसमें एक गाड़ी मिलिट्री कैंप की तरफ बढ़ती है और फिर उसमें जोरदार धमाका होता है। बीएलए के अनुसार, धमाका इतना तेज था कि कैंप की इमारत पूरी तरह तबाह हो गई और इसकी आवाज कई किलोमीटर दूर तक सुनी गई। वीडियो में दूसरे हमलावर भी दिख रहे हैं, जो हमले के दौरान पास की चौकियों पर गोलीबारी कर रहे हैं।
बीएलए ने बताया कि आत्मघाती हमले को उसकी फिदायीन शाखा मजीद ब्रिगेड ने अंजाम दिया, जबकि फतेह स्क्वाड के सदस्यों ने उसके बाद हमले में भूमिका निभाई। समूह ने आत्मघाती हमलावर की पहचान ओसामा शाहवानी उर्फ वद्दू के तौर पर बताई है। बीएलए ने दावा किया है कि हमले में 18 से ज्यादा पाकिस्तानी सैनिक मारे गए हैं, जबकि कई घायल हुए हैं।
पुलिस ने हमले को बताया नाकाम
वहीं, बलूचिस्तान पुलिस ने दावा किया है कि मिलिट्री कैंप पर हमले को नाकाम कर दिया गया है। पुलिस ने एक बयान में बताया कि आतंकवादियों ने विस्फोटकों से लदे एक वाहन को सुरक्षा चौकी से टकराने की कोशिश की, लेकिन फ्रंटियर कॉर्प्स के जवानों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए इसे नाकाम कर दिया।
पुलिस के अनुसार, जवाबी कार्रवाई में बीएलए के तीन लड़ाके मारे गए हैं। पुलिस ने बताया कि जोरदार धमाके से आसपास के रिहायशी मकानों और मस्जिद को नुकसान पहुंचा है। घटना में दो स्थानीय नागरिकों की मौत हो गई, जबकि 16 अन्य लोग घायल हो गए। तीन फ्रंटियर कॉर्प्स कर्मी भी घायल हुए हैं। हालांकि पुलिस ने पाकिस्तानी सैनिकों के मारे जाने के बारे में कोई जानकारी नहीं दी।
दो दिन के अंदर दूसरा बड़ा हमला
मस्तुंग जिले में हुआ हमला पाकिस्तान के अंदर दो दिनों के अंदर दूसरा बड़ा हमला है। इसके पहले मंगलवार को खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में पुलिस टीम पर बड़ा हमला हुआ था, जिसमें डीएसपी समेत 11 पुलिसकर्मी मारे गए थे। यह हमला उस समय किया गया था, जब केपी पुलिस के जवान सोने के अवैध खनन के खिलाफ कार्रवाई करने जा रहे थे।
तहरीक ए तालिबान पाकिस्तान ने इस हमले की जिम्मेदारी ली थी। केपी पुलिस ने जवाबी कार्रवाई में टीटीपी के 18 चरमपंथियों को मारने का दावा किया था। बलूचिस्तान में पाकिस्तानी सेना ने हाल के दिनों में ऑपरेशन राद उल फितना शुरू किया है और सेना का दावा है कि उसने बलूच विद्रोहियों की बनाई सात सुरंगों को नष्ट कर दिया है।
