उज्जैन के महाकालेश्वर मंदिर में फोटो और वीडियो बनाने पर पाबंदी के बावजूद भाजपा विधायक गोलू शुक्ला के बेटे रुद्राक्ष शुक्ला ने चांदी द्वार पर रील बनाई। रील 13 नवंबर को इंस्टाग्राम पर शेयर की गई थी, जिसके बाद मामला चर्चा में आया। मंदिर समिति ने कार्रवाई करते हुए सुरक्षा एजेंसी पर 5 लाख रुपये का जुर्माना लगाया और तीन सुरक्षा गार्डों को निलंबित कर दिया है।
जानकारी के अनुसार, रुद्राक्ष शुक्ला नीलकंठ द्वार से मंदिर परिसर में दाखिल हुए। उनके लिए ई-कार्ट की व्यवस्था की गई थी। आरोप है कि पूजन, अभिषेक और आरती के दौरान भी वीडियो बनाया गया, जबकि मंदिर के गर्भगृह क्षेत्र में फोटो और वीडियो पर सख्त पाबंदी है। सुरक्षा में तैनात गार्ड उन्हें रोकने के बजाय साथ लेकर चलते रहे।
मंदिर समिति के सहायक प्रशासक आशीष फलवारिया ने कार्रवाई की पुष्टि की है। समिति ने सुरक्षा का जिम्मा संभाल रही कोर एजेंसी पर जुर्माना लगाया और ड्यूटी में लापरवाही बरतने वाले तीन गार्डों को निलंबित कर दिया।
साधु-संतों ने जताई नाराजगी
मामले पर महामंडलेश्वर शैलशानंद गिरि ने नाराजगी जताई है। उन्होंने मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए वैष्णो देवी की तर्ज पर केंद्रीय या सशस्त्र बलों की सुरक्षा की मांग की है। उनका कहना है कि मंदिर में वीआईपी व्यवस्था पर रोक लगनी चाहिए।
बताया गया है कि करीब एक सप्ताह पहले महामंडलेश्वर रवींद्र पुरी के साथ भी चांदी द्वार पर अभद्रता हुई थी। इस घटना के बाद मंदिर की सुरक्षा और वीआईपी व्यवस्था को लेकर सवाल और तेज हो गए हैं।
