India Samachar 24
सोमवार, 16 नवंबर 2026
विज्ञापन
ad

बंगाल में छह महीने में पांचवां एनकाउंटर, कांस्टेबल को गोली मारने वाला रतन शेख ढेर, सीएम बोले गुंडों के लिए जगह नहीं

पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिले में पुलिस मुठभेड़ में कांस्टेबल को गोली मारने का आरोपी रतन शेख मारा गया है। पुलिस के मुताबिक रतन शेख को रविवार दोपहर पड़ोसी पूर्व बर्धमान जिले के नवाबहाट इलाके से गिरफ्तार…

बंगाल में छह महीने में पांचवां एनकाउंटर, कांस्टेबल को गोली मारने वाला रतन शेख ढेर, सीएम बोले गुंडों के लिए जगह नहीं
मुठभेड़ में मारा गया आरोपी रतन शेख।

पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिले में पुलिस मुठभेड़ में कांस्टेबल को गोली मारने का आरोपी रतन शेख मारा गया है। पुलिस के मुताबिक रतन शेख को रविवार दोपहर पड़ोसी पूर्व बर्धमान जिले के नवाबहाट इलाके से गिरफ्तार किया गया था। इसके बाद पुलिस उसे हथियार बरामदगी के लिए नानूर के चारकोल गांव के पास उचकरन इलाके में एक परित्यक्त ईंट भट्ठे पर ले गई थी।

पुलिस का दावा है कि वहां रतन ने छिपाकर रखा हथियार निकालकर पुलिस पर गोली चला दी। पुलिस की जवाबी गोलीबारी में वह घायल हो गया। उसे नानूर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने शाम करीब पांच बजकर 45 मिनट पर उसे मृत घोषित कर दिया।

हथियार बरामदगी के दौरान पुलिस पर फायरिंग का दावा

रतन शेख पर शुक्रवार 13 नवंबर को शांतिनिकेतन थाने के लाइक बाजार में कांस्टेबल विश्वजीत दास पर गोली चलाने का आरोप था। गोली कांस्टेबल के बाएं पैर में घुटने के ऊपर लगी थी। घायल कांस्टेबल को बर्धमान मेडिकल कॉलेज से रविवार को कोलकाता के एसएसकेएम अस्पताल ले जाया गया है।

पुलिस के मुताबिक रतन शेख पर 36 आपराधिक मामले दर्ज थे, जिनमें अवैध हथियार रखने और मादक पदार्थों की तस्करी के मामले भी शामिल हैं। रतन को शुक्रवार को जमानत मिली थी, और उसी शाम पुलिस उसे पकड़ने गई थी, तभी उसने गोली चलाई थी। मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी शनिवार रात घायल कांस्टेबल को देखने बर्धमान मेडिकल कॉलेज अस्पताल गए थे।

छह महीने में पांचवां एनकाउंटर, पहले चार कहां हुए

राज्य में भाजपा सरकार के छह महीने के कार्यकाल में यह पांचवीं पुलिस मुठभेड़ है। इससे पहले दक्षिण 24 परगना के बारुईपुर, उत्तर 24 परगना के गाइघाटा, मुर्शिदाबाद के समशेरगंज और उत्तर दिनाजपुर के रायगंज में मुठभेड़ में आरोपी मारे गए थे।

मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि बंगाल में बलात्कारियों और हत्यारों के लिए कोई जगह नहीं है। उन्होंने कहा कि पुलिस पर गोली चलाने पर पुलिस जो करना चाहिए था, वही किया। अधिकारी ने कहा कि जो बचे हुए गुंडे हैं और जिनके पास अवैध हथियार हैं, वे तुरंत बंगाल छोड़कर भाग जाएं।

इस खबर को शेयर करें
न्यूज़ डेस्क · न्यूज़ डेस्क

इंडिया समाचार 24 की न्यूज़ डेस्क — देश और दुनिया की ताज़ा खबरें, सबसे पहले।

और देखें: न्यूज़ डेस्क →