कॉमन एडमिशन टेस्ट (CAT) 2026 का आयोजन कई बदलाव के साथ करने की तैयारी है। इसके तहत पहली बार CAT 2026 में शामिल होने वाले कैंडिडेट्स के चेहरे की पहचान यानी फेशियल रिकग्निशन AI के माध्यम से की जाएगी। इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट (IIM) इंदौर CAT 2026 में AI आधारित फेशियल रिकग्निशन तकनीक का परीक्षण करने जा रहा है। इस परीक्षण में यह देखा जाएगा कि AI आधारित फेशियल रिकग्निशन तकनीक कितनी सटीक साबित हो रही है और इसमें किन सुधार और बदलाव की जरूरत है। CAT 2026 का आयोजन IIM इंदौर की तरफ से ही किया जा रहा है।
IIM इंदौर के निदेशक हिमांशु राय का इसको लेकर बयान सामने आया है। उन्होंने कहा है कि यह कदम IIM इंदौर द्वारा अपने सभी क्षेत्रों, विशेष रूप से सीखने-सिखाने की प्रक्रिया में AI को अपनाने की दिशा में उठाया गया है। IIM इंदौर में शैक्षणिक ढांचे में लगातार AI को शामिल किया जा रहा है, ताकि छात्र तेजी से बदलते तकनीकी माहौल को समझ सकें और उसके अनुसार खुद को ढाल सकें। संस्थान के अधिकांश पाठ्यक्रमों और प्रोग्राम्स में AI एक अहम हिस्सा बन गया है।
कैंडिडेट्स का डेटाबेस स्टोर नहीं होगा
IIM इंदौर के निदेशक हिमांशु राय ने कहा कि एक परीक्षण के तौर पर इस तकनीक का प्रयोग किया जा रहा है। इसमें इसकी सटीकता देखी जाएगी। साथ ही इसमें सुधार के लिए बदलाव पर भी मंथन होगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि कैंडिडेट्स का कोई डेटाबेस स्टोर नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि CAT 2026 के लिए इसे पहली बार लागू किया जा रहा है। यह प्रक्रिया सभी परीक्षा केंद्रों पर अपनाई जाएगी।
CAT 2026 में शामिल होने जा रहे कैंडिडेट्स का AI आधारित फेशियल रिकग्निशन के साथ ही फिजिकल वेरिफिकेशन भी होगा। अगर किसी कैंडिडेट का AI आधारित तकनीक से चेहरा नहीं मिलता है तो उसे एग्जामिनेशन सेंटर में एंट्री करने से नहीं रोका जाएगा। फिजिकल वेरिफिकेशन करने के बाद कैंडिडेट्स को एंट्री दी जाएगी।
CAT 2026 एग्जाम 29 नवंबर को, तीन सत्रों में होगा
CAT 2026 का आयोजन 29 नवंबर को तीन सत्रों में किया जाएगा। कैंडिडेट्स को हर सेक्शन में सवालों के जवाब देने के लिए 40 मिनट का समय मिलेगा। एक सेक्शन के सवालों का जवाब देते समय वे किसी दूसरे सेक्शन में नहीं जा सकेंगे।
IIM इंदौर ने शांतिपूर्ण एग्जाम आयोजित कराने के लिए कुछ पुख्ता इंतजाम किए हैं, जिनमें फेस मैचिंग (चेहरे का मिलान) और कुछ चुनिंदा जगहों पर मोबाइल जैमर लगाना शामिल है। CAT 2026 का आयोजन लगभग 170 शहरों में किया जाएगा। आधिकारिक जानकारी के मुताबिक, CAT 2026 का स्कोर 31 दिसंबर 2027 तक मान्य रहेगा और इसे आधिकारिक वेबसाइट पर देखा जा सकेगा।
