भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन यानी इसरो में सरकारी नौकरी का मौका है। बेंगलुरु स्थित यू आर राव उपग्रह केंद्र ने तकनीशियन और ड्राइवर के कुल 61 पदों पर भर्ती के लिए आवेदन की आखिरी तारीख बढ़ा दी है। पहले आवेदन की आखिरी तारीख 13 नवंबर थी, जिसे अब 20 नवंबर 2026 तक बढ़ा दिया गया है। यह जानकारी आधिकारिक अधिसूचना के जरिए साझा की गई है।
आखिरी तारीख बढ़ाने की वजह भुगतान गेटवे में आई तकनीकी दिक्कत बताई गई है। अब उम्मीदवार 20 नवंबर की शाम पांच बजे तक आवेदन कर सकते हैं और शुल्क जमा कर सकते हैं। हालांकि उम्र, शैक्षणिक योग्यता और अनुभव सहित सभी पात्रता शर्तें मूल आखिरी तारीख 13 नवंबर के हिसाब से ही तय होंगी। इसमें कोई बदलाव नहीं किया जाएगा।
किस पद पर कितनी रिक्तियां
कुल 61 पदों में तकनीशियन बी के 46 पद हैं। इनमें इलेक्ट्रॉनिक्स मैकेनिक और संबंधित ट्रेड के 24, फिटर के आठ, इलेक्ट्रीशियन के चार, रेफ्रिजरेशन और एयर कंडीशनिंग के पांच, टर्नर का एक, मशीनिस्ट के दो, मोटर व्हीकल मैकेनिक का एक और इलेक्ट्रोप्लेटर का एक पद शामिल है। ड्राइवर के 15 पद हैं, जिनमें हैवी व्हीकल ड्राइवर के 10, लाइट व्हीकल ड्राइवर के तीन और स्टाफ कार ड्राइवर के दो पद हैं।
तकनीशियन बी पदों के लिए 10वीं पास के साथ संबंधित ट्रेड में आईटीआई, एनटीसी या एनएसी होना जरूरी है। ड्राइवर पदों के लिए वैध ड्राइविंग लाइसेंस और अनुभव चाहिए। आवेदक की उम्र 18 से 35 साल के बीच होनी चाहिए, जिसकी गणना 13 नवंबर 2026 के हिसाब से होगी। आरक्षित वर्गों को नियमानुसार उम्र में छूट मिलेगी।
चयन प्रक्रिया और वेतन
चयन आवेदन की छंटनी, लिखित परीक्षा या कंप्यूटर आधारित परीक्षा, कौशल परीक्षा और दस्तावेज सत्यापन के आधार पर होगा। चयनित उम्मीदवारों को तकनीशियन बी पद पर 21,700 रुपये प्रति माह और ड्राइवर पदों पर 19,900 रुपये प्रति माह वेतन मिलेगा। इसके साथ नियमानुसार अन्य भत्ते भी मिलेंगे।
आवेदन शुल्क 500 रुपये ऑनलाइन देना होगा। परीक्षा में शामिल होने के बाद यह शुल्क वापस किया जाएगा। सामान्य, ओबीसी और ईडब्ल्यूएस वर्ग के उम्मीदवारों को 100 रुपये काटकर 400 रुपये वापस मिलेंगे, जबकि महिला, एससी, एसटी, दिव्यांग और पूर्व सैनिक उम्मीदवारों को पूरा 500 रुपये वापस मिलेगा। शुल्क वापसी के लिए लिखित परीक्षा में शामिल होना जरूरी है। आवेदन इसरो की आधिकारिक वेबसाइट isro.gov.in के करियर सेक्शन से किया जा सकता है।
