भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान रुड़की में 20 वर्षीय छात्र की मौत के बाद संस्थान ने 70 परीक्षाएं स्थगित कर दी हैं। संस्थान ने शनिवार को यह जानकारी दी। ये सभी परीक्षाएं शुक्रवार 13 नवंबर को होनी थीं, लेकिन छात्र की मौत से संस्थान के छात्र शोकाकुल थे, जिसे देखते हुए प्रशासन ने वे सभी परीक्षाएं स्थगित कर दीं। ये परीक्षाएं अब 22 नवंबर को कराई जाएंगी।
मृतक छात्र की पहचान आयुष राजौरिया के रूप में हुई है। वह संस्थान के गणित और कंप्यूटिंग में बीएस-एमएस प्रोग्राम का द्वितीय वर्ष का छात्र था। वह उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में राजनगर एक्सटेंशन का रहने वाला था। उसका शव गुरुवार रात करीब एक बजे गोविंद भवन छात्रावास के कमरे में मिला था।
छात्रों और परिजनों को दी गई सूचना
IIT रुड़की के मीडिया प्रकोष्ठ की प्रभारी सोनिका श्रीवास्तव ने बताया कि 13 नवंबर को अलग-अलग विभागों में 70 परीक्षाएं होनी थीं। उन्होंने कहा कि छात्रों और उनके परिजनों को परीक्षा स्थगित होने और 22 नवंबर की नई तारीख के बारे में सूचित कर दिया गया है।
एक साल से ले रहा था काउंसलिंग
छात्र के कथित तौर पर आत्महत्या किए जाने के मामले में पता चला है कि वह पिछले एक वर्ष से परिसर में ही मानसिक तनाव से उबरने के लिए काउंसलिंग ले रहा था। छात्र के कमरे से कथित सुसाइड नोट भी बरामद हुआ था, जिसमें उसने अवसादग्रस्त होने और जिंदगी से परेशान होने की बात लिखी थी। सोनिका श्रीवास्तव ने इस बात की पुष्टि की कि मृतक छात्र परिसर में स्थित वेलनेस सेंटर में पिछले एक साल से काउंसलिंग ले रहा था।
IIT रुड़की ने अपने एक होनहार छात्र के असमय निधन पर गहरा दुख और शोक व्यक्त किया है। पुलिस ने बताया कि छात्र के परिवार को शुक्रवार को ही सूचना दे दी गई थी और मौत के हालात की जांच चल रही है।
