छठ महापर्व पर दिल्ली से बिहार जाने वालों की जेब पर सफर भारी पड़ रहा है। ट्रेनों में कंफर्म टिकट मिलना मुश्किल है तो हवाई जहाज का किराया आम दिनों के मुकाबले दो से तीन गुना तक बढ़ गया है। महापर्व की शुरुआत आज नहाय खाय के साथ हो गई है और यह 16 नवंबर को उषा अर्घ्य और पारण के साथ संपन्न होगा।
दिल्ली से पटना, दरभंगा, गया और पूर्णिया जाने वाली सीधी उड़ानों का किराया 13 नवंबर के लिए 13 हजार से 20 हजार रुपये तक पहुंच गया है। आम दिनों में इन शहरों का हवाई सफर 6 से 9 हजार रुपये में हो जाता है। गुरुवार शाम अलग-अलग टिकट बुकिंग ऐप पर लगभग यही कीमतें दिखाई दीं।
दिल्ली से पटना के लिए सबसे कम उपलब्ध किराया 15,367 रुपये है, जो स्पाइसजेट की नॉन स्टॉप फ्लाइट का है। वहीं इस रूट पर सबसे महंगा टिकट 30,385 रुपये का दिख रहा है। दूसरे शहरों से पटना का किराया और भी ज्यादा है। लखनऊ से पटना का सबसे महंगा टिकट 44,625 रुपये तक पहुंच गया है, जबकि इस रूट पर सीधी फ्लाइट उपलब्ध नहीं है।
दूसरे शहरों से भी महंगा किराया
मुंबई से पटना जाने के लिए सबसे कम किराया 18,401 रुपये से शुरू है, हालांकि यह दिल्ली में एक स्टॉप वाली फ्लाइट का किराया है। नॉन स्टॉप फ्लाइट के लिए यात्रियों को कम से कम 22,913 रुपये खर्च करने पड़ेंगे। पुणे से पटना के लिए सबसे कम किराया 14,247 रुपये और सबसे ज्यादा 27,490 रुपये दिख रहा है।
बेंगलुरु से पटना के लिए टिकट की शुरुआती कीमत 16,260 रुपये है, जबकि सबसे महंगा किराया 36,244 रुपये तक पहुंच गया है। चेन्नई से पटना जाने के लिए सबसे कम किराया 17,505 रुपये और सबसे महंगा टिकट 41,282 रुपये का है। अहमदाबाद से पटना के लिए शुरुआती किराया 20,183 रुपये और सबसे ज्यादा 34,120 रुपये है। ये किराए 13 नवंबर को विभिन्न ट्रैवल वेबसाइट पर दिखाई दे रहे विकल्पों के आधार पर हैं और सीटों की उपलब्धता के हिसाब से बदल सकते हैं।
ट्रेनों में भी लंबी वेटिंग
नियमित ट्रेनों के साथ रेलवे ने छठ के लिए 100 से अधिक जोड़ी स्पेशल ट्रेनें चलाई हैं, लेकिन इनमें भी तेजी से टिकट बुक हो रहे हैं। कई ट्रेनों में लंबी वेटिंग है और तत्काल टिकट मिलना मुश्किल है। कई परिवारों में कुछ सदस्यों के टिकट कंफर्म हैं तो बाकी के वेटिंग में हैं।
दिल्ली से बिहार जाने वाली प्रमुख ट्रेनों में संपूर्ण क्रांति एक्सप्रेस, वैशाली एक्सप्रेस, श्रमजीवी एक्सप्रेस, मगध एक्सप्रेस, विक्रमशिला एक्सप्रेस, राजधानी एक्सप्रेस, बिहार संपर्क क्रांति एक्सप्रेस और सप्तक्रांति एक्सप्रेस शामिल हैं। वंदे भारत स्पेशल ट्रेनें भी विशेष तिथियों पर चलाई जा रही हैं।
बसों का किराया भी बढ़ा
बिहार जाने के लिए निजी बस ऑपरेटरों ने नॉन एसी और एसी स्लीपर सेवाएं शुरू की हैं। आनंद विहार से बिहार के अलग-अलग शहरों के लिए नॉन एसी बस का किराया 1800 रुपये और एसी बस का 2600 रुपये प्रति सीट तक पहुंच गया है। बस से सफर करने में 18 से 20 घंटे लग रहे हैं।
राहत के तौर पर दिल्ली और बिहार सरकार ने मिलकर 77 अंतरराज्यीय बसें शुरू की हैं। इन बसों का संचालन दिल्ली के आनंद विहार बस टर्मिनल से बिहार के पांच डिवीजनों के लिए किया जा रहा है। त्योहार के समय बढ़ती मांग का असर सभी तरह के टिकटों की कीमतों पर दिख रहा है।
