छठ पूजा मनाकर अपने काम पर लौटने वाले यात्रियों के लिए रेलवे ने बड़ी राहत दी है। पूर्व मध्य रेलवे यानी ईसीआर ने रविवार को कहा कि बिहार के विभिन्न स्टेशनों से 16 से 30 नवंबर के बीच चलने वाली छठ स्पेशल ट्रेनों में 47,821 बर्थ और सीटें उपलब्ध हैं। यात्री छठ मनाने के बाद अपनी वापसी यात्रा के लिए इन सीटों की बुकिंग करा सकते हैं।
ईसीआर के मुताबिक कुल 65 स्पेशल ट्रेनें चलाई जा रही हैं, जिनकी तारीखवार 115 सेवाएं होंगी। 15 नवंबर को सुबह 10 बजे तक के आंकड़ों के अनुसार 16 नवंबर को चलने वाली 8 ट्रेनों में 2,716 बर्थ और सीटें उपलब्ध थीं। 29 नवंबर को सबसे ज्यादा 6,663 बर्थ उपलब्ध हैं।
किन रूटों पर चलेंगी स्पेशल ट्रेनें
ये स्पेशल ट्रेनें पटना भागलपुर, पाटलिपुत्र पूर्णिया कोर्ट, जयनगर लोकमान्य तिलक टर्मिनस, रक्सौल पोदानूर, सीतामढ़ी आनंद विहार टर्मिनस, गया चेन्नई, दरभंगा हडपसर, राजगीर अहमदाबाद, बरौनी बांद्रा टर्मिनस, रक्सौल हावड़ा, मधुबनी कोलकाता, दानापुर हडपसर, पाटलिपुत्र रामनगर, पटना एर्नाकुलम, पटना खातीपुरा, पटना सियालदह, दरभंगा शालीमार और पटना खुर्दा रोड समेत कई रूटों पर चलेंगी।
ईसीआर के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी सरस्वती चंद्रा ने बताया कि त्योहारी भीड़ को देखते हुए रेलवे ने 18 हजार से ज्यादा स्पेशल ट्रेनें चलाई हैं, जो पिछले साल की 12 हजार सेवाओं से कहीं ज्यादा हैं। यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे टिकट और समय की जानकारी केवल आईआरसीटीसी की वेबसाइट या अधिकृत रेलवे पूछताछ माध्यमों से ही लें।
