अमेरिका की संघीय सरकार ने खालिस्तान समर्थक नेता गुरपतवंत सिंह पन्नून की हत्या की साजिश के मामले में भारतीय नागरिक निखिल गुप्ता के लिए 24 साल से ज्यादा की सजा की मांग की है। अमेरिकी अभियोजकों ने न्यूयॉर्क की संघीय अदालत से गुप्ता को 293 महीने यानी 24 साल से कुछ ज्यादा की कैद देने का अनुरोध किया है। गुप्ता की सजा पर फैसला 20 नवंबर को होगा।
55 साल के गुप्ता ने फरवरी 2026 में हत्या के लिए सुपारी देने, हत्या की साजिश रचने और मनी लॉन्ड्रिंग की साजिश के आरोपों को स्वीकार कर लिया था। अमेरिकी अटॉर्नी जेम्स मैकडोनाल्ड ने शुक्रवार को जिला न्यायाधीश विक्टर मरेरो को सौंपे गए 20 पन्नों के ज्ञापन में कहा कि गुप्ता का आचरण जितना क्रूर था, उतना ही निर्लज्ज भी था। अभियोजकों ने कहा कि गुप्ता अमेरिकी धरती पर एक अमेरिकी नागरिक की हत्या की विदेशी साजिश में अहम भागीदार था।
बचाव पक्ष ने मांगी 12 साल की सजा, गुप्ता ने कहा अकेले किया
गुप्ता के वकीलों ने अदालत से 12 साल की सजा देने की मांग की है। उन्होंने परिवीक्षा विभाग की सिफारिश का हवाला दिया, जिसमें 144 महीने की कैद और तीन साल की निगरानी वाली रिहाई की बात कही गई है। सजा के दिशा निर्देशों के मुताबिक गुप्ता को 235 से 293 महीने की कैद हो सकती है।
गुप्ता ने न्यायाधीश मरेरो को लिखे पत्र में खेद जताते हुए कहा कि उसने अकेले काम किया था और उस समय उसकी मानसिक स्थिति ठीक नहीं थी। उसने अपने फैसले के लिए शराब की लत को जिम्मेदार ठहराया। अभियोजकों ने उसके अकेले काम करने के दावे को खारिज कर दिया है और शराब वाले तर्क को बेतुका बताया है।
भारतीय खुफिया अधिकारी का नाम, 15 हजार डॉलर की अग्रिम रकम
अमेरिकी अधिकारियों का आरोप है कि गुप्ता ने भारतीय खुफिया अधिकारी के तौर पर पहचाने गए विकास यादव के निर्देश पर काम किया था। आरोप है कि गुप्ता ने हत्या के लिए 15 हजार डॉलर की अग्रिम रकम का इंतजाम किया था और जिसे वह हत्यारा समझ रहा था, वह असल में अमेरिकी ड्रग प्रवर्तन प्रशासन का एक गुप्त अधिकारी था।
अभियोजकों ने अदालत से यह भी अनुरोध किया है कि सजा सुनाए जाने के समय पन्नून को अदालत के सामने 20 मिनट तक अपनी बात रखने दी जाए। इन आरोपों में अधिकतम 40 साल की सजा का प्रावधान है।
