पंजाब के फाजिल्का जिले में रविवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई और 11 लोग घायल हो गए। यह हादसा फिरोजपुर फाजिल्का हाईवे पर थेह कलंदर गांव के पास हुआ, जब शादी समारोह से लौट रही एक टवेरा की सामने से आ रही पिकअप से आमने सामने टक्कर हो गई। हादसा रात करीब आठ बजे हुआ।
टवेरा में सवार सभी 16 लोग जलालाबाद विधानसभा क्षेत्र के तिवाना गांव के रहने वाले थे। वे फाजिल्का जिले के करनी खेड़ा गांव में एक रिश्तेदार के यहां शादी समारोह में शामिल होकर लौट रहे थे। टक्कर इतनी भीषण थी कि टवेरा में सवार पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान देसो बाई, सचिन, जौन, मनप्रीत और गुरलीन कौर के रूप में हुई है।
तीन बच्चों की मौत, सबसे छोटा करीब तीन साल का
मृतकों में तीन बच्चे शामिल हैं। फाजिल्का सिविल अस्पताल के चिकित्सा अधिकारी के मुताबिक सबसे छोटा बच्चा करीब तीन साल का था, जबकि दो अन्य बच्चे 14 से 15 साल के थे। मृतकों में एक महिला और एक पुरुष भी शामिल हैं। घायलों को तुरंत फाजिल्का के सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां चार गंभीर घायलों को फरीदकोट मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
फाजिल्का के पुलिस अधीक्षक सतिंदर कुमार ने बताया कि यात्री करनी खेड़ा गांव में शादी में शामिल होकर अपने गांव लौट रहे थे, तभी थेह कलंदर के पास हादसा हुआ। स्थानीय लोगों ने मौके पर पहुंचकर क्षतिग्रस्त वाहन में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला और एंबुलेंस बुलाई।
विधायक मौके पर पहुंचे, जांच शुरू
हादसे की खबर मिलते ही फाजिल्का के विधायक नरिंदर पाल सिंह और जलालाबाद के विधायक जगदीप कंबोज गोल्डी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने हादसे के सही कारणों का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगा रही है कि टक्कर तेज रफ्तार, गलत लेन या किसी और वजह से हुई।
