India Samachar 24
शनिवार, 14 नवंबर 2026
विज्ञापन
ad

बाल दिवस पर मिलिए भारत के बाल वैज्ञानिकों से, धूल रहित थ्रैशर से लेकर AI एग्रोबॉट तक, कम उम्र में बड़े हौसले

भारत में हर साल 14 नवंबर को देश के पहले प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू की जयंती बाल दिवस के रूप में मनाई जाती है। यह दिन बच्चों, उनके बचपन और उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए होता है। बाल दिवस सिर्फ बच्…

बाल दिवस पर मिलिए भारत के बाल वैज्ञानिकों से, धूल रहित थ्रैशर से लेकर AI एग्रोबॉट तक, कम उम्र में बड़े हौसले
बाल दिवस पर देश के युवा इनोवेटरों की उपलब्धियां बच्चों की रचनात्मकता और नवाचार का उत्सव हैं।

भारत में हर साल 14 नवंबर को देश के पहले प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू की जयंती बाल दिवस के रूप में मनाई जाती है। यह दिन बच्चों, उनके बचपन और उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए होता है। बाल दिवस सिर्फ बच्चों के प्रति स्नेह जताने का दिन नहीं है, बल्कि उनकी रचनात्मकता और नवाचार को सम्मान देने का भी मौका है। इस बार हम उन बाल वैज्ञानिकों की कहानियां लेकर आए हैं, जिन्होंने छोटी सी उम्र में बड़े हौसलों के दम पर देश का नाम रोशन किया है।

उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले की रहने वाली 17 साल की पूजा पाल ने गांव में खेती के दौरान होने वाले वायु प्रदूषण और सांस की बीमारियों की समस्या को समझते हुए धूल रहित थ्रैशर का अनोखा मॉडल तैयार किया है। यह फसल की मड़ाई के समय थ्रैशर से उड़ने वाली खतरनाक धूल और भूसे के कणों को सीधे हवा में फैलने से रोकता है। यह सिस्टम सारी धूल को एक थैले में इकट्ठा कर लेता है।

असम और महाराष्ट्र के युवा इनोवेटर

असम की 14 वर्षीय ऐशी पृषा बोराह ने जलवायु परिवर्तन और मिट्टी की घटती उर्वरता के लिए कृषि तकनीकों पर महत्वपूर्ण काम किया है। उन्होंने प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के साथ मल्चिंग के किफायती और नवाचारी तरीके विकसित किए हैं। मल्चिंग में मिट्टी को जैविक अवशेषों से ढका जाता है, जिससे खेतों की नमी लंबे समय तक बनी रहती है, खरपतवार नियंत्रित होते हैं और रासायनिक खादों पर निर्भरता कम होती है।

महाराष्ट्र के 17 साल के दिव्यांग युवा इनोवेटर अर्णव अनुप्रिया महर्षि ने अपनी व्यक्तिगत शारीरिक चुनौतियों को समाज की भलाई का माध्यम बनाया है। उन्होंने स्ट्रोक या नर्वस सिस्टम की चोट के कारण हाथ के लकवे से जूझ रहे मरीजों की रिकवरी को आसान बनाने के लिए एक किफायती AI आधारित रिहैबिलिटेशन टूल विकसित किया है।

सौर गाड़ी और एग्रोबॉट बनाने वाले बच्चे

दिल्ली की रहने वाली 16 साल की सुहानी चौहान ने छोटे किसानों की ईंधन लागत कम करने के उद्देश्य से SO-APT नाम की एक गाड़ी बनाई है। यह पूरी तरह से सौर ऊर्जा से चलती है। यह कम लागत वाला वाहन पोर्टेबल टूल्स के साथ बीज बोने, सिंचाई करने, छिड़काव करने और गड्ढे खोदने जैसे कई काम कर सकता है। इसे जी20 के तहत भी चुना गया था।

राजस्थान के कोटा के एक किसान परिवार से आने वाले 17 साल के आर्यन सिंह ने 2024 में साइंस एंड टेक्नोलॉजी की कैटेगरी में राष्ट्रीय बाल पुरस्कार प्राप्त किया था। यह पुरस्कार उन्हें किसानों को आधुनिक तकनीक से जोड़ने के लिए मिला था। उन्होंने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), इंटरनेट ऑफ थिंग्स (IoT) और सेंसर की मदद से लगभग 50,000 रुपये की लागत में एग्रोबॉट नामक एक बहुउपयोगी रोबोट बनाया है। यह रोबोट मिट्टी की उर्वरता और फसल की सेहत जांचने के साथ बुवाई, कटाई और सिंचाई के सही प्रबंधन में किसानों को सही फैसला लेने में मदद करता है। यह खेत की सुरक्षा भी सुनिश्चित करता है और किसी अनजान व्यक्ति के घुसने पर सीधे किसान के मोबाइल पर अलर्ट भेजता है।

इस खबर को शेयर करें
न्यूज़ डेस्क · न्यूज़ डेस्क

इंडिया समाचार 24 की न्यूज़ डेस्क — देश और दुनिया की ताज़ा खबरें, सबसे पहले।

और देखें: न्यूज़ डेस्क →