India Samachar 24
शनिवार, 14 नवंबर 2026
विज्ञापन
ad

IIIT प्रयागराज में पूरे साल होगी शिक्षक भर्ती, असिस्टेंट प्रोफेसर के लिए कभी भी कर सकेंगे आवेदन, कोई अंतिम तारीख नहीं

असिस्टेंट प्रोफेसर बनने की तैयारी कर रहे उम्मीदवारों के लिए बड़ी खबर है। भारतीय सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान (IIIT) प्रयागराज में अब शिक्षकों की भर्ती पूरे साल होगी। योग्य अभ्यर्थी असिस्टेंट प्रोफेसर क…

IIIT प्रयागराज में पूरे साल होगी शिक्षक भर्ती, असिस्टेंट प्रोफेसर के लिए कभी भी कर सकेंगे आवेदन, कोई अंतिम तारीख नहीं
IIIT प्रयागराज में अब असिस्टेंट प्रोफेसर की भर्ती रोलिंग विज्ञापन प्रणाली से पूरे साल होगी।

असिस्टेंट प्रोफेसर बनने की तैयारी कर रहे उम्मीदवारों के लिए बड़ी खबर है। भारतीय सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान (IIIT) प्रयागराज में अब शिक्षकों की भर्ती पूरे साल होगी। योग्य अभ्यर्थी असिस्टेंट प्रोफेसर के पदों के लिए कभी भी ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। संस्थान प्रशासन ने शिक्षक भर्ती की पुरानी व्यवस्था में बदलाव करते हुए रोलिंग विज्ञापन प्रणाली लागू की है। इसके तहत भर्ती के लिए आवेदन करने की कोई अंतिम तारीख तय नहीं की गई है। इससे अभ्यर्थियों को बार-बार नए विज्ञापन का इंतजार नहीं करना पड़ेगा।

संस्थान ने छह नवंबर को इस संबंध में विज्ञापन जारी किया है। पहले चरण में असिस्टेंट प्रोफेसर ग्रेड-वन और ग्रेड-टू के रिक्त पदों पर भर्ती की जाएगी। संस्थान ने सूचना प्रौद्योगिकी, इलेक्ट्रॉनिक्स एवं संचार अभियांत्रिकी और अनुप्रयुक्त विज्ञान विभागों के लिए आवेदन मांगे हैं। नई व्यवस्था के तहत अभ्यर्थी सालभर ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे।

समय-समय पर घोषित होगी कटऑफ तारीख

संस्थान समय-समय पर आवेदन प्राप्त करने की एक कटऑफ तारीख घोषित करेगा। इस तारीख तक मिले आवेदनों को एक साथ चयन प्रक्रिया में शामिल किया जाएगा। उस समय तक उपलब्ध रिक्तियों के साथ नई और बैकलॉग रिक्तियों को भी ध्यान में रखा जाएगा। कटऑफ तारीख के बाद मिलने वाले आवेदन अगली भर्ती प्रक्रिया में शामिल होंगे।

अभ्यर्थियों की योग्यता, अनुभव और शैक्षणिक उपलब्धियों का आकलन संबंधित भर्ती चरण की घोषित कटऑफ तारीख के आधार पर किया जाएगा। यानी आवेदन करने के बाद भी अभ्यर्थियों को अगली चयन प्रक्रिया में शामिल होने का अवसर मिल सकेगा।

PhD डिग्रीधारकों से मांगे गए आवेदन

संस्थान ने PhD डिग्रीधारकों से आवेदन मांगे हैं। ऐसे अभ्यर्थियों को प्राथमिकता दी जाएगी, जिनका शोध कार्य बेहतर हो और शिक्षण के साथ संस्थान के विकास में योगदान देने की क्षमता हो। नई व्यवस्था से संस्थान को जरूरत के अनुसार योग्य शिक्षक उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।

निदेशक प्रो. मुकुल एस सुतावने का कहना है कि रोलिंग विज्ञापन के तहत असिस्टेंट प्रोफेसर पद के लिए आवेदन मांगे गए हैं। इस प्रक्रिया के तहत पहले से पद तय नहीं होते हैं। संस्थान की जरूरत के हिसाब से योग्य शिक्षकों का चयन किया जाएगा।

इस खबर को शेयर करें
न्यूज़ डेस्क · न्यूज़ डेस्क

इंडिया समाचार 24 की न्यूज़ डेस्क — देश और दुनिया की ताज़ा खबरें, सबसे पहले।

और देखें: न्यूज़ डेस्क →