अमेरिकी रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ ने अमेरिकी सेना के उस जवान को सैन्य पदक से सम्मानित किया है, जिसने वेटरन्स डे के मौके पर अर्लिंगटन नेशनल सिमेट्री में टॉम्ब ऑफ द अननोन सोल्जर पर बातचीत करने और हंसने के लिए हेगसेथ और उनके सहयोगियों को टोका था। यह सम्मान गुरुवार को पेंटागन में दिया गया।
पेंटागन ने बताया कि रक्षा मंत्री हेगसेथ ने उस सैन्य यूनिट के सदस्यों का स्वागत किया, जो इस स्मारक की सुरक्षा के लिए जिम्मेदार है। इस दौरान उन्होंने स्पेशलिस्ट थॉमस इग्लेसियस को जॉइंट सर्विस कमेंडेशन मेडल से सम्मानित किया। थॉमस को यह अवॉर्ड 11 नवंबर 2026 को टॉम्ब ऑफ अननोन सोल्जर पर अपने कर्तव्यों का पालन करने के लिए दिया गया।
हेगसेथ ने तस्वीरें पोस्ट करते हुए लिखा कि हम सैनिकों से प्यार करते हैं। हम मानकों को महत्व देते हैं। वेल डन, स्पेशलिस्ट। उन्होंने ड्यूटी में सर्वोच्च मानक का पालन करने और पवित्र स्मारक की मर्यादा बनाए रखने के लिए सैनिक की तारीफ की। जॉइंट सर्विस कमेंडेशन मेडल को सेना के उच्च पुरस्कारों में से एक माना जाता है और यह आमतौर पर जूनियर रैंक के सैनिकों को नहीं दिया जाता है।
क्या हुआ था वेटरन्स डे पर
इग्लेसियस का बुधवार को एक वीडियो सामने आया, जिसमें वह स्मारक पर हेगसेथ, उनकी पत्नी जेनिफर और कई दूसरे वरिष्ठ अधिकारियों को फटकार लगाते दिखे। यह घटना वेटरन्स डे समारोह के बाद हुई थी। समारोह में राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और उपराष्ट्रपति जेडी वेंस भी शामिल हुए थे।
समारोह के बाद हेगसेथ अपनी पत्नी और वरिष्ठ सलाहकारों के साथ टॉम्ब ऑफ अननोन सोल्जर के पास फोटो खिंचवा रहे थे। इस दौरान वहां गश्त कर रहे स्पेशलिस्ट इग्लेसियस ने लोगों को जोर जोर से हंसते हुए देखा। इस पर सैनिक ने बहुत तेज आवाज में कहा कि सभी आगंतुकों को हर समय शांति और सम्मान का माहौल बनाए रखना चाहिए।
सैनिक ने हेगसेथ की टीम को हंसते और बातचीत करते हुए सुना था और सबसे अनुशासन बनाए रखने को कहा था। हेगसेथ के साथ उनके चीफ ऑफ स्टाफ रिकी बुरिया, डिप्टी चीफ ऑफ स्टाफ पैट्रिक वीवर और वरिष्ठ सलाहकार टैमी राडाबो भी मौजूद थे।
टॉम्ब ऑफ अननोन सोल्जर क्या है
टॉम्ब ऑफ अननोन सोल्जर वर्जीनिया में अर्लिंगटन नेशनल सिमेट्री में स्थित है। यह अमेरिका के सबसे सम्मानित सैन्य स्मारकों में से एक है। शुरुआत में यहां प्रथम विश्व युद्ध के दौरान मारे गए एक अमेरिकी सैनिक को दफनाया गया था, जिसकी पहचान नहीं हो सकी थी। बाद में द्वितीय विश्व युद्ध और कोरिया युद्ध के बाद दो और अज्ञात अमेरिकी सैनिकों को यहां दफनाया गया।
अमेरिकी सेना की तीसरी इन्फैंट्री रेजिमेंट के सैनिक 1948 से लगातार इस मकबरे की पहरेदारी करते हैं। चाहे कैसा भी मौसम हो, मकबरे की पहरेदारी कभी भी रोकी नहीं जाती है। राष्ट्रपति, विदेशी गणमान्य और जानी मानी हस्तियां इस स्मारक पर आती हैं और शहीद अमेरिकी सैनिकों को श्रद्धांजलि देती हैं।
महाभियोग की कार्यवाही से बचे थे हेगसेथ
खबरों के अनुसार, यह घटना उससे एक दिन से भी कम समय बाद हुई, जब हेगसेथ कांग्रेस में लाए गए महाभियोग की कार्यवाही से बचे थे। इसके बाद सैनिक को पदक देने के फैसले को लेकर भी चर्चा हुई है। हेगसेथ ने हालांकि सैनिक के अनुशासन की खुलकर तारीफ की है और कहा है कि मानकों का सम्मान करना ही सेना की पहचान है।
