India Samachar 24
शुक्रवार, 13 नवंबर 2026
विज्ञापन
ad

आईसीसी ने जारी किया 2032 से 2035 का कैलेंडर, चार साल में होंगे 6 बड़े टूर्नामेंट, टी20 वर्ल्ड कप से होगी शुरुआत

नई दिल्ली। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद ने साल 2032 से 2035 तक का शेड्यूल जारी कर दिया है। इस दौरान 4 साल में आईसीसी के 6 टूर्नामेंट खेले जाएंगे। इसकी शुरुआत 2032 में टी20 वर्ल्ड कप से होगी। वहीं, 203…

आईसीसी ने जारी किया 2032 से 2035 का कैलेंडर, चार साल में होंगे 6 बड़े टूर्नामेंट, टी20 वर्ल्ड कप से होगी शुरुआत
आईसीसी ने 2032 से 2035 तक के लिए 6 बड़े टूर्नामेंटों का संभावित कैलेंडर जारी कर दिया है।

नई दिल्ली। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद ने साल 2032 से 2035 तक का शेड्यूल जारी कर दिया है। इस दौरान 4 साल में आईसीसी के 6 टूर्नामेंट खेले जाएंगे। इसकी शुरुआत 2032 में टी20 वर्ल्ड कप से होगी। वहीं, 2035 में वनडे वर्ल्ड कप के साथ शेड्यूल खत्म हो रहा है। फिलहाल आईसीसी ने संभावित कैलेंडर जारी किया है और फाइनल कैलेंडर बनाने की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है।

2032 से 2035 तक के लिए इंटरनेशनल क्रिकेट का शेड्यूल तैयार करने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। इसके तहत सदस्य देशों के बीच द्विपक्षीय सीरीज के आयोजन और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के कार्यक्रम को व्यवस्थित करने की तैयारी है।

2033 और 2035 में दो-दो टूर्नामेंट

इस बार के कैलेंडर में एक खास बात यह है कि 2033 में आईसीसी के दो बड़े टूर्नामेंट खेले जाएंगे। वहीं, 2035 में भी दो बड़े आयोजन होंगे। आईसीसी का प्लान मौजूदा चक्र की तरह अगले चक्र में भी हर साल कम से कम एक बड़ा ग्लोबल टूर्नामेंट आयोजित करने की है। इस चार साल के साइकल में कुल 6 आईसीसी इवेंट होंगे।

संभावित कैलेंडर के अनुसार, 2032 में अक्टूबर-नवंबर में टी-20 वर्ल्ड कप खेला जाएगा। 2033 में जून में वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल और अक्टूबर में चैंपियंस ट्रॉफी प्रस्तावित है। 2034 में जुलाई में टी-20 वर्ल्ड कप होगा। 2035 में वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल और वनडे वर्ल्ड कप आयोजित किया जाएगा, हालांकि इन दोनों टूर्नामेंट के लिए अभी तक कोई समय तय नहीं किया गया है।

चैंपियंस ट्रॉफी के फॉर्मेट पर सस्पेंस

2033 में चैंपियंस ट्रॉफी का आयोजन अक्टूबर में प्रस्तावित है। हालांकि, आईसीसी ने अभी तक यह स्पष्ट नहीं किया है कि टूर्नामेंट किस फॉर्मेट में खेला जाएगा। मौजूदा प्लान में आठ टीमों की चैंपियंस ट्रॉफी शामिल है। इसकी मेजबानी को लेकर भी कोई फैसला नहीं हुआ है।

2033 में होने वाला वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप का फाइनल जून में प्रस्तावित है। इंग्लैंड इस समय अपने घरेलू क्रिकेट सीजन में व्यस्त रहता है। ऐसे में ब्रिटेन को इस फाइनल के संभावित मेजबान के तौर पर देखा जा सकता है, लेकिन आईसीसी ने इस बारे में कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी है।

टेस्ट चैंपियनशिप के 2 साइकल पर भी चर्चा

बाली में आईसीसी की बैठक जारी है। इस दौरान 2027-29 और 2029-31 वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप साइकल के मुकाबलों को भी मंजूरी दी जानी है। इंग्लैंड को 2027, 2029 और 2031 के वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल की मेजबानी पहले ही मिल चुकी है।

इसके अलावा आईसीसी बोर्ड फ्रेंचाइजी लीग रिव्यू ग्रुप की सिफारिशों पर भी विचार करेगा। इस ग्रुप का नेतृत्व बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड के तमीम इकबाल कर रहे हैं। भारतीय क्रिकेट बोर्ड के सचिव देवजीत सैकिया भी इसके सदस्य हैं। दुनिया भर में बढ़ती फ्रेंचाइजी लीग की संख्या को देखते हुए आईसीसी इनके लिए अपने नियमों और मंजूरी देने की प्रक्रिया की समीक्षा करना चाहता है।

रेवेन्यू बंटवारे पर भी होगी चर्चा

बैठक में मौजूदा चक्र के लिए रेवेन्यू डिस्ट्रीब्यूशन को भी मंजूरी मिलने की उम्मीद है। करीब 65 करोड़ अमेरिकी डॉलर सदस्य देशों के बीच बांटे जाने हैं। इसका बंटवारा मौजूदा रेवेन्यू शेयरिंग फॉर्मूले के आधार पर किया जा सकता है।

2032 से 2035 का यह कैलेंडर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के आने वाले दशक की रूपरेखा तय करता है। फाइनल कैलेंडर और मेजबानों की घोषणा आने वाले समय में की जाएगी।

इस खबर को शेयर करें
न्यूज़ डेस्क · न्यूज़ डेस्क

इंडिया समाचार 24 की न्यूज़ डेस्क — देश और दुनिया की ताज़ा खबरें, सबसे पहले।

और देखें: न्यूज़ डेस्क →