सिडनी। ऑस्ट्रेलिया के टेस्ट कप्तान पैट कमिंस ने 2018 के सैंडपेपरगेट विवाद को लेकर पूर्व बल्लेबाज उस्मान ख्वाजा के हालिया खुलासों पर बेहद कड़ा रुख अपनाया है। कमिंस ने ख्वाजा पर आरोप लगाया कि उन्होंने अपनी किताब के जरिए लोगों की साख और उनके जीवन के प्रति बेहद लापरवाह रवैया दिखाया है। सिडनी में करीब एक घंटे तक चली लंबी प्रेस कॉन्फ्रेंस में कमिंस ने खुलकर अपनी नाराजगी जाहिर की।
यह पूरा विवाद उस्मान ख्वाजा की किताब सब्र में लिखे उन अंशों के बाद भड़का है, जिसमें उन्होंने इशारा किया था कि मार्च 2018 के केपटाउन टेस्ट में सैंडपेपर के इस्तेमाल की जानकारी केवल स्टीव स्मिथ, डेविड वॉर्नर और कैमरन बैनक्रॉफ्ट तक सीमित नहीं थी।
पूरी तरह बकवास और निराधार हैं आरोप
कमिंस ने ख्वाजा के उन दावों को सिरे से खारिज कर दिया, जिसमें कहा गया था कि मार्च 2018 में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ केपटाउन टेस्ट में गेंद से छेड़छाड़ की योजना की जानकारी टीम के गेंदबाजों को भी थी। कमिंस ने कहा कि जब वे कहते हैं कि हम सबको पता था, यदि उनका मतलब यह है कि हमें मैदान पर सैंडपेपर ले जाने की जानकारी थी तो वे 100 फीसदी गलत हैं।
कमिंस ने कहा कि मैं पिछले आठ सालों से लगातार यही कह रहा हूं कि मुझे इसकी कोई भनक नहीं थी। लेकिन उस्मान इससे भी कहीं ज्यादा गंभीर आरोप लगा रहे हैं। उनका यह कहना कि मैं और अन्य गेंदबाज सैंडपेपर से बॉल टेंपरिंग करने की साजिश के सूत्रधार थे, पूरी तरह से बकवास और निराधार है।
दोस्त ऐसा नहीं करते
कमिंस ने कहा कि उस्मान मेरे दोस्त हैं लेकिन दोस्त एक-दूसरे की जिंदगी और साख के साथ इस तरह लापरवाह नहीं होते। अपनी किताब में उन्होंने मेरी और कई अन्य लोगों की जिंदगी के साथ-साथ ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट के प्रति भी बेहद गैर-जिम्मेदाराना रवैया अपनाया है। मैं अपनी कहानी कहने के उनके अधिकार का 100 फीसदी समर्थन करता हूं, लेकिन हम जो कहते और करते हैं उसके प्रति हमारी जवाबदेही भी तय होनी चाहिए।
ऑस्ट्रेलियाई कप्तान को सबसे ज्यादा झटका ख्वाजा के उस कबूलनामे से लगा है, जिसमें उन्होंने बैनक्रॉफ्ट को सैंडपेपर इस्तेमाल करते वक्त सतर्क रहने की बात कही थी। कमिंस ने हैरानी जताते हुए कहा कि यह वह उस्मान ख्वाजा नहीं हैं जिन्हें वे जानते हैं। कमिंस के मुताबिक असली उस्मान तो वे होते जो उस घटना को उसी वक्त और वहीं रोक देते।
पत्नी बेकी भी हैं आहत
कमिंस ने खुलासा किया कि ख्वाजा के इस रवैये से उनकी पत्नी बेकी भी बेहद आहत हैं। प्रेस कॉन्फ्रेंस से पहले उनकी पत्नी ने ही उन्हें अपनी भावनाएं छिपाने के बजाय खुलकर सच बोलने के लिए प्रेरित किया था। कमिंस ने कहा कि उन्होंने मुझसे बस यही कहा कि अपनी भावनाएं दिखाओ क्योंकि ऐसे बहुत से लोग हैं जिन्हें इस बात से ठेस पहुंची है। उन्होंने कहा कि ईमानदार रहो और पूरी बात बताओ।
कमिंस ने सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे उस वीडियो की सच्चाई भी बताई, जिसमें वे और उनकी पत्नी घर के बाहर काफी तीखे अंदाज में बातचीत करते नजर आ रहे थे। उन्होंने साफ किया कि उनके और बेकी के बीच कोई झगड़ा नहीं हो रहा था, बल्कि बेकी उस्मान ख्वाजा के बयानों से बेहद निराश थीं।
कैमरों पर जताई नाराजगी
अपने घर के बाहर कैमरों की मौजूदगी पर नाराजगी जताते हुए कमिंस ने कहा कि यह आधा बहुत हास्यास्पद है और आधा बेतुका। बेकी अपने जज्बात खुलकर जाहिर करती हैं। हम साढ़े आठ साल पहले सुलझ चुके मामले पर बात कर रहे हैं और आज जब मैं अपनी बेटी को उसके नैपी में घर के बाहर टहला रहा हूं तो कैमरे मेरा और मेरे परिवार का पीछा कर रहे हैं।
कमिंस ने इस बात पर भी सवाल उठाया कि ख्वाजा को अपनी बात सामने रखने में पूरे आठ साल क्यों लग गए। उन्होंने यह भी कहा कि अपनी किताब में इतने बड़े दावे करने से पहले ख्वाजा ने न तो उनसे और न ही टीम के किसी अन्य सदस्य से यह जानने की कोशिश की कि उस समय असल में क्या हुआ था।
2018 की जांच में चुप्पी पर सवाल
अंत में कमिंस ने 2018 की आधिकारिक जांच के दौरान ख्वाजा की चुप्पी पर भी संदेह जताया। उन्होंने कहा कि उन्हें इसी हफ्ते यह जानकर झटका लगा कि ख्वाजा उस वक्त बैनक्रॉफ्ट के बगल में बैठे थे और सब कुछ जानते थे। दोनों खिलाड़ियों के बीच की दोस्ती पर इस विवाद के असर को लेकर पूछे जाने पर कमिंस ने स्वीकार किया कि यह मामला पिछले कुछ दिनों से उनके मन पर भारी बोझ बना हुआ है।
