India Samachar 24
शुक्रवार, 14 अगस्त 2026
विज्ञापन
ad

जलभराव से ग्रामीण बेहाल, किसान नेता ने दी चेतावनी

आगरा। एत्मादपुर तहसील क्षेत्र के खंदौली ब्लॉक और आसपास के ग्रामीण इलाकों में लगातार हो रही बारिश के कारण जलभराव की गंभीर समस्या उत्पन्न हो गई है। इस मुद्दे को लेकर भारतीय किसान यूनियन (भानु) के जिला …

जलभराव से ग्रामीण बेहाल, किसान नेता ने दी चेतावनी

आगरा। एत्मादपुर तहसील क्षेत्र के खंदौली ब्लॉक और आसपास के ग्रामीण इलाकों में लगातार हो रही बारिश के कारण जलभराव की गंभीर समस्या उत्पन्न हो गई है। इस मुद्दे को लेकर भारतीय किसान यूनियन (भानु) के जिला उपाध्यक्ष गजेंद्र परमार ने प्रशासन को चेतावनी देते हुए तत्काल जलनिकासी की व्यवस्था कराने की मांग की है।

उन्होंने बताया कि खंदौली ब्लॉक की ग्राम पंचायत सेमरा, रामनगर खंदौली, खेड़ा हाजीपुर, टर्रकपुर, सरोवर कुंज (बरहन), गढ़ी फौजी (आंवलखेड़ा), झंडा बाग आंवलखेड़ा तथा गढ़ी मद्दे सहित कई गांवों और बस्तियों के रास्तों पर गंदा पानी भर गया है। इससे ग्रामीणों का घरों से निकलना मुश्किल हो गया है और दैनिक आवागमन पूरी तरह प्रभावित है।

गजेंद्र परमार ने कहा कि जलभराव का सबसे अधिक असर स्कूली बच्चों, महिलाओं, बुजुर्गों और किसानों पर पड़ रहा है। बच्चे स्कूल नहीं जा पा रहे हैं, जबकि ग्रामीणों को आवश्यक कार्यों के लिए भी भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

उन्होंने पंचायत विभाग से मांग की कि प्रभावित क्षेत्रों में तत्काल पंप और अन्य आवश्यक संसाधनों की व्यवस्था कर जलनिकासी कराई जाए, ताकि प्रमुख मार्गों को जल्द से जल्द आवागमन योग्य बनाया जा सके। उनका कहना है कि ग्रामीण क्षेत्रों की मूलभूत समस्याओं का समय पर समाधान करना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है।

किसान नेता ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई तो जलभराव के कारण संक्रामक बीमारियों के फैलने का खतरा बढ़ सकता है।

इस दौरान उन्होंने प्रशासन पर नाराजगी जताते हुए कहा कि यदि अधिकारियों को केवल खून से लिखा पत्र ही समझ आता है, तो यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण स्थिति है। उन्होंने ग्राम पंचायत आंवलखेड़ा, गढ़ी मद्दे की सफाई व्यवस्था और स्थानीय समस्याओं के समाधान के लिए तत्काल कार्रवाई की मांग की। उनका आरोप है कि संबंधित सचिव शिकायतों की अनदेखी कर मनमानी कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि यदि समय रहते समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो स्थिति गंभीर हो सकती है, जिसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित अधिकारियों की होगी।


 

इस खबर को शेयर करें
Editorial Team · इंडिया समाचार 24

The editorial team at India Samachar 24.

और देखें: Editorial Team →