भारत के 6 नाविक पाकिस्तान के कराची बंदरगाह पर फंस गए हैं। इनमें से एक केरल का नाविक है। एक नाविक ईरान के चाबहार बंदरगाह पर भी फंसा हुआ है और सरकार सभी को वापस लाने की कोशिशों में जुटी है। विदेश मंत्रालय ने बताया कि नाविक अक्षय हरीश का पासपोर्ट और कुछ अन्य दस्तावेज खो गए हैं। ऐसे में उनकी भारत वापसी की सुविधा के लिए आपातकालीन प्रमाणपत्र जारी किया गया है।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने नियमित संवाददाता सम्मेलन में कहा कि बंदर अब्बास स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास इस भारतीय नागरिक के लगातार संपर्क में है और उसे हरसंभव सहायता दे रहा है।
जापान से जहाज पर सवार हुए थे अक्षय हरीश
जायसवाल ने कहा कि वाणिज्य दूतावास को 9 नवंबर को अक्षय हरीश का फोन आया था। बातचीत के दौरान अक्षय ने बताया कि वह 2025 में जापान में प्लाम मरीन नामक व्यापारिक जहाज पर सवार हुआ था।
चाबहार में जहाज से उतार दिया गया
जायसवाल ने बताया कि चाबहार बंदरगाह पहुंचने पर जहाज के कप्तान ने उन्हें बताया कि उनका पासपोर्ट और निरंतर सेवामुक्ति प्रमाणपत्र खो गए हैं। इसके बाद अक्षय को चाबहार में जहाज से उतार दिया गया। अक्षय ने यह भी बताया कि जहाज का मालिक उसके रहने और खाने का इंतजाम कर रहा है।
जायसवाल ने कहा कि उनका फोन आने के बाद वाणिज्य दूतावास ने तुरंत जहाज के मालिक और एजेंट से संपर्क किया और उन्हें आपातकालीन प्रमाणपत्र जारी करने के लिए जरूरी औपचारिकताओं की जानकारी दी। उन्हें आपातकालीन प्रमाणपत्र जारी कर दिया गया है और उनकी जल्द भारत वापसी सुनिश्चित करने के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं।
क्या होता है आपातकालीन प्रमाणपत्र
आपातकालीन प्रमाणपत्र एक आधिकारिक एकतरफा यात्रा दस्तावेज है, जो भारत लौटने के एक बार के सफर के लिए मान्य होता है। यह किसी भारतीय नागरिक का पासपोर्ट खो जाने और तत्काल भारत लौटने की जरूरत होने पर जारी किया जाता है। यह प्रमाणपत्र अस्थायी पासपोर्ट के रूप में काम करता है, ताकि संबंधित व्यक्ति को पासपोर्ट का नया नियमित विकल्प जारी होने तक इंतजार न करना पड़े।
