India Samachar 24
सोमवार, 5 अक्टूबर 2026
विज्ञापन
ad

फुटवियर कारोबार में नए अवसरों और इनोवेशन का मंच बना ‘मीट एट आगरा’

आगरा। तकनीक, कारोबार और नए व्यावसायिक रिश्तों के संगम के साथ 18वें ‘मीट एट आगरा’ का दूसरा दिन फुटवियर उद्योग के लिए नई संभावनाओं से भरा रहा। आगरा ट्रेड सेंटर, सींगना में आयोजित फेयर में रविवार को कुल…

फुटवियर कारोबार में नए अवसरों और इनोवेशन का मंच बना ‘मीट एट आगरा’
आगरा ट्रेड सेंटर, सींगना में आयोजित 18वें मीट एट आगरा में फुटवियर उद्योग से जुड़े कारोबारी और विजिटर्स।

आगरा। तकनीक, कारोबार और नए व्यावसायिक रिश्तों के संगम के साथ 18वें ‘मीट एट आगरा’ का दूसरा दिन फुटवियर उद्योग के लिए नई संभावनाओं से भरा रहा। आगरा ट्रेड सेंटर, सींगना में आयोजित फेयर में रविवार को कुल 8,126 विजिटर्स पहुंचे। इनमें 3,749 पंजीकृत बिजनेस विजिटर्स और 576 भावी उद्यमी शामिल रहे। दिनभर विभिन्न स्टॉल्स पर नई मशीनरी, फुटवियर कंपोनेंट्स और मटेरियल्स को समझने के साथ बिजनेस इंक्वायरी और कारोबारी संवाद का सिलसिला चलता रहा।

बाइंग एजेंट्स और फैक्ट्री ओनर्स के बीच हुआ सीधा संवाद

फेयर के दूसरे दिन का प्रमुख आकर्षण बाइंग एजेंट्स और फैक्ट्री ओनर्स के बीच आयोजित संवाद कार्यक्रम रहा। इसमें फुटवियर उद्योग की बदलती जरूरतों, उत्पाद की गुणवत्ता, डिजाइन, सोर्सिंग, समयबद्ध आपूर्ति और बाजार की अपेक्षाओं को लेकर चर्चा हुई।

निर्माताओं और बाइंग एजेंट्स के बीच सीधे संवाद ने बाजार की मांग को समझने और उसके अनुरूप उत्पादन को अधिक प्रतिस्पर्धी बनाने के लिए महत्वपूर्ण मंच प्रदान किया।

कार्यक्रम में आगरा के पूर्व जीएसटी कमिश्नर ललन कुमार मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए, जबकि सीफी के नेशनल प्रेसिडेंट इन्दर छाबड़ा विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

ललन कुमार ने कहा कि तकनीक, गुणवत्ता और पारदर्शी कारोबारी व्यवस्था के साथ आगे बढ़ता फुटवियर उद्योग देश के औद्योगिक विकास और निर्यात में और बड़ी भूमिका निभा सकता है।

इन्दर छाबड़ा ने कहा कि निर्माताओं, बाइंग एजेंट्स और बाजार के बीच मजबूत समन्वय भारतीय फुटवियर उद्योग को घरेलू एवं वैश्विक बाजार में नई ऊंचाइयों तक ले जाने में महत्वपूर्ण साबित होगा।

बाइंग एजेंट्स और फैक्ट्री ओनर्स का हुआ सम्मान

उद्योग और बाजार के बीच महत्वपूर्ण कड़ी के रूप में योगदान देने वाले बाइंग एजेंट्स को कार्यक्रम में सम्मानित किया गया। इनमें एल.के. चाहर, रवीश पीपल, वरुण कोचर, संजीव तिवारी, दिव्यांशु मित्तल, दलजीत सिंह, सचित कुमार, मुकेश गोस्वामी, पवन शर्मा, सौरव गौतम, वेद प्रकाश यादव, पंकज यादव, अविरल उपाध्याय, रिकी अग्रवाल, राजीव जैन, विकास कुमार, राजेश राणा, इरफान फरीदी, चंद्रवीर सिंह चौहान, पंकज सिंह और अनीत पचौरी शामिल रहे।

इसी अवसर पर रोजगार के अवसर सृजित करने, राजस्व बढ़ाने के साथ ‘मेक इन इंडिया’ मिशन को गति देने, देश में मैन्युफैक्चरिंग को मजबूत करने तथा निर्यात के माध्यम से भारत के निर्यात लक्ष्यों को हासिल करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे फैक्ट्री ओनर्स को भी सम्मानित किया गया।

आयोजन समिति ने फैक्ट्री ओनर्स के योगदान को भारतीय फुटवियर उद्योग की उत्पादन एवं निर्यात क्षमता को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण बताया।

नई तकनीक और चाइना पवेलियन में दिखी विशेष रुचि

दूसरे दिन बिजनेस विजिटर्स ने फुटवियर निर्माण में उपयोग होने वाली आधुनिक मशीनरी, नए मटेरियल्स, कंपोनेंट्स और उत्पादन तकनीकों में विशेष रुचि दिखाई। उद्यमियों ने प्रदर्शकों से सीधे संवाद कर तकनीकों की उत्पादन क्षमता, गुणवत्ता, लागत और अपने उद्योग में उनके व्यावहारिक उपयोग की जानकारी प्राप्त की।

हॉल-B स्थित चाइना पवेलियन भी आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहा। चीन से आए प्रदर्शकों द्वारा प्रदर्शित फुटवियर कंपोनेंट्स, मटेरियल्स और मशीनरी को भारतीय उद्यमियों ने करीब से समझा। दोनों देशों के कारोबारियों के बीच सोर्सिंग, तकनीकी सहयोग और भविष्य की व्यावसायिक संभावनाओं को लेकर भी संवाद हुआ।

उद्योग की वास्तविक जरूरतों से तकनीक को जोड़ना हमारा लक्ष्य : गोपाल गुप्ता

एफमेक अध्यक्ष गोपाल गुप्ता ने कहा, “मीट एट आगरा का उद्देश्य नई तकनीक को केवल प्रदर्शित करना नहीं, बल्कि उसे उद्योग की वास्तविक जरूरतों और कारोबार से जोड़ना है। बाइंग एजेंट्स और फैक्ट्री ओनर्स के बीच सीधा संवाद इसी दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।”

एफमेक कन्वीनर पूरन डावर ने कहा कि भारतीय फुटवियर उद्योग को वैश्विक स्तर पर अधिक प्रतिस्पर्धी बनाने के लिए तकनीक, गुणवत्ता, डिजाइन और बाजार की जरूरतों के बीच बेहतर समन्वय जरूरी है। निर्माता, सप्लायर, खरीददार और तकनीक प्रदाता का एक मंच पर आना उद्योग के भविष्य के लिए सकारात्मक संकेत है।

फेयर ऑर्गनाइजिंग कमेटी की चेयरमैन माला खेड़ा ने कहा कि दूसरे दिन बिजनेस विजिटर्स की उत्साहजनक भागीदारी और प्रदर्शकों के साथ हुए सीधे संवाद ने आयोजन को वास्तविक कारोबारी मंच के रूप में और मजबूती प्रदान की है।

दूसरे दिन पहुंचे 8,126 विजिटर्स

  • कुल विजिटर्स: 8,126
  • पंजीकृत बिजनेस विजिटर्स: 3,749
  • भावी उद्यमी: 576

फुटवियर की नई दुनिया से रूबरू होने का आज आखिरी मौका

तीन दिवसीय 18वें ‘मीट एट आगरा’ का 5 अक्टूबर को अंतिम दिन होगा। आगरा ट्रेड सेंटर, सींगना में फेयर सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे तक विजिटर्स के लिए खुला रहेगा।

इस अवसर पर उपाध्यक्ष राजीव वासन एवं राजेश सहगल, फेयर ऑर्गनाइजिंग कमेटी की चेयरमैन माला खेड़ा, महासचिव प्रदीप वासन, सचिव अनिरुद्ध तिवारी, कोषाध्यक्ष चंद्र मोहन सचदेवा और पूर्व अध्यक्ष कैप्टन एएस राणा प्रमुख रूप से मौजूद रहे।

इस खबर को शेयर करें
Dheeraj singh · Editorial Associate

धीरज सिंह कारोबार, बाज़ार और टेक्नोलॉजी बीट के पत्रकार हैं। शेयर बाज़ार, अर्थव्यवस्था, स्टार्टअप और गैजेट्स पर सरल भाषा में विश्लेषण देना उनकी खासियत है। जटिल आर्थिक मुद्दों को वे आम पाठक के लिए…

और देखें: Dheeraj singh →