प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लोक आस्था और सूर्य उपासना के चार दिवसीय पावन अनुष्ठान महापर्व छठ के शुभारंभ पर सभी देशवासियों को शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कामना की कि सबको छठी मइया का आशीर्वाद मिले। आज नहाय खाय के साथ महापर्व की शुरुआत हो गई है।
प्रधानमंत्री ने शुक्रवार सुबह सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट किया। उन्होंने लिखा कि लोक आस्था और सूर्य उपासना के चार दिवसीय पावन अनुष्ठान महापर्व छठ के शुभारंभ पर सभी देशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं। आज नहाय खाय है। सभी व्रतियों को मेरा नमन। सबको छठी मइया का आशीर्वाद मिले, यही कामना है।
कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की चतुर्थी से सप्तमी तिथि तक चलने वाला यह महापर्व चार दिनों का होता है। पहला दिन नहाय खाय शुद्धता और सात्विकता का प्रतीक है। इस दिन व्रती स्नान और घर की साफ सफाई के बाद कद्दू भात के सात्विक भोजन से व्रत का संकल्प लेते हैं।
प्रधानमंत्री ने साझा किया चाणक्य नीति का श्लोक
प्रधानमंत्री ने अपने संदेश के साथ संस्कृत का एक श्लोक भी साझा किया। यह श्लोक आचार्य चाणक्य द्वारा रचित चाणक्य नीति के 14वें अध्याय के 19वें श्लोक से लिया गया है। श्लोक में कहा गया है कि धर्म, धन, धान्य, गुरु के वचन और औषधि को भली भांति समझकर सहेजना चाहिए, अन्यथा इनके बिना जीवन जीना कठिन हो जाता है।
इस श्लोक के माध्यम से आचार्य चाणक्य समझाते हैं कि जीवन में नैतिक आचरण, सत्य और कर्तव्य का पालन करना आवश्यक है। संकट के समय और परिवार के भरण पोषण के लिए धन का संचय करना जरूरी है। जीवन चलाने के लिए अन्न का संग्रह होना चाहिए ताकि भविष्य में भुखमरी की नौबत न आए। गुरु के वचनों को ध्यान में रखना चाहिए, क्योंकि सही दिशा निर्देश के बिना जीवन भटक जाता है।
राजनाथ सिंह और मुख्यमंत्रियों ने भी दी बधाई
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी छठ पर्व के शुभारंभ पर देशवासियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने लिखा कि लोक आस्था, पवित्रता और अटूट श्रद्धा का महापर्व छठ आज नहाय खाय के पावन अनुष्ठान के साथ प्रारंभ हो रहा है। उन्होंने व्रत का संकल्प ले रहे सभी व्रतियों को सादर नमन किया और सबके जीवन में सुख, शांति, आरोग्य और समृद्धि की कामना की।
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बताया कि इस बार दिल्ली में छठ महापर्व और भी भव्य होगा। मुनक नहर के दोनों किनारों पर 11 किलोमीटर लंबे छठ घाट तैयार किए गए हैं, ताकि श्रद्धालु पूरे श्रद्धाभाव और सुविधा के साथ छठी मैया की पूजा कर सकें। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव और राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने भी लोगों को छठ पर्व की शुभकामनाएं दीं।
चार दिन का कार्यक्रम
इस बार छठ पूजा 13 नवंबर को नहाय खाय के साथ शुरू होकर 16 नवंबर को उषा अर्घ्य और पारण के साथ संपन्न होगी। दूसरे दिन खरना, तीसरे दिन संध्या अर्घ्य और चौथे दिन उषा अर्घ्य का अनुष्ठान होगा। यह पर्व भगवान सूर्य और छठी मैया की उपासना को समर्पित है और बिहार, पूर्वी उत्तर प्रदेश, झारखंड के साथ देश के कई हिस्सों में बड़े श्रद्धाभाव से मनाया जाता है।
