रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा है कि अग्निवीरों की सेवा अवधि बढ़ाने का फैसला सशस्त्र बलों से मिले फीडबैक के आधार पर लिया गया है। उन्होंने कहा कि यह इस बात को दर्शाता है कि सरकार नीतिगत फैसलों में सेनाओं के सुझावों को शामिल करने के लिए प्रतिबद्ध है। रक्षा मंत्री वायुसेना कमांडरों के सम्मेलन में बोल रहे थे।
सरकार ने 4 नवंबर को अग्निपथ योजना में बड़ा बदलाव किया था। अब सभी सैनिकों के लिए स्थायी सेवा का रास्ता खुल गया है, जबकि पहले चार साल की सेवा के बाद 75 प्रतिशत सैनिकों को सेवा से बाहर होना पड़ता था। रक्षा मंत्री ने भरोसा जताया कि कार्यकाल बढ़ने से सशस्त्र बल और मजबूत होंगे।
नई व्यवस्था के तहत शेष 75 प्रतिशत अग्निवीरों को अपनी इच्छा के आधार पर दो साल का अतिरिक्त सेवा विस्तार मिलेगा। इसे सेकंड टूर ऑफ ड्यूटी कहा जा रहा है। छह साल की सेवा पूरी करने के बाद निर्धारित मानकों पर खरे उतरने वाले इच्छुक अग्निवीरों को नियमित सैनिक बनने का मौका भी मिलेगा।
पहले बैच के सामने था समय का दबाव
यह बदलाव ऐसे समय में किया गया, जब पहले बैच के करीब 18,300 अग्निवीरों का चार साल का कार्यकाल पूरा होने वाला था। योजना जून 2022 में शुरू हुई थी और इसके तहत सेना, नौसेना और वायुसेना में चार साल के लिए भर्ती होती है। फिलहाल तीन लाख से अधिक अग्निवीर सशस्त्र बलों में सेवा दे रहे हैं।
बदलाव की घोषणा प्रमुख रक्षा अध्यक्ष जनरल एनएस राजा सुब्रमणि ने की थी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में हुई मंत्रिमंडल की बैठक में दो साल का अतिरिक्त सेवा विस्तार देने और उसके बाद स्थायी भर्ती का अवसर प्रदान करने का फैसला लिया गया था।
ऑपरेशनल तैयारी पर जोर
सम्मेलन में रक्षा मंत्री ने शीर्ष अधिकारियों से अपनी ऑपरेशनल तैयारी बनाए रखने को कहा। उन्होंने कहा कि तकनीकी श्रेष्ठता के साथ-साथ सेनाओं के बीच आपसी तालमेल बहुत महत्वपूर्ण है। उन्होंने खुफिया और निगरानी क्षमताओं को लगातार मजबूत करने और संभावित खतरों को उनके सामने आने से पहले ही पहचानने की जरूरत पर जोर दिया।
रक्षा मंत्री ने कहा कि रक्षा बलों को ऐसी क्षमताएं और तरीके विकसित करने चाहिए, जिससे विरोधी को प्रतिक्रिया देने या संभलने का मौका ही न मिले। साथ ही यह भी सुनिश्चित करना होगा कि विरोधी की किसी अचानक की गई हरकत से सेनाएं कभी हैरान न हों। यह हैरानी पारंपरिक भी हो सकती है और इलेक्ट्रॉनिक भी।
उन्होंने कहा कि खुफिया और निगरानी प्रणालियों को और मजबूत किया जाना चाहिए और ऑपरेशनल तैयारी बढ़ाई जानी चाहिए। इससे जवान सतर्क और फुर्तीले बने रहेंगे और किसी भी नई चुनौती का प्रभावी ढंग से सामना करने के लिए पूरी तरह तैयार रहेंगे।
