केरल के पत्तनमथिट्टा जिले में स्थित सबरीमाला अयप्पा मंदिर के कपाट सोमवार शाम मंडलम मकरविलक्कु तीर्थयात्रा के लिए खुल गए। इसके साथ ही दो महीने तक चलने वाले तीर्थयात्रा सीजन की शुरुआत हो गई।
निवर्तमान मेलशांति ई डी प्रसाद नंबूथिरी ने तंत्री कंडाररु ब्रह्मदत्तन की उपस्थिति में गर्भगृह के कपाट खोले और पारंपरिक दीपक प्रज्वलित किया। इसके बाद नए मेलशांति अरीक्कार सुब्रमण्यन शंकरन नंबूथिरी ने कार्यभार संभाला।
17 नवंबर से 41 दिनों की मंडल पूजा शुरू होगी। मंडल पूजा 27 दिसंबर को होगी। मकरविलक्कु उत्सव 14 जनवरी 2027 को मनाया जाएगा और सीजन 20 जनवरी को मंदिर बंद होने के साथ समाप्त होगा।
पहली बार 2 लाख का बीमा
त्रावणकोर देवस्वोम बोर्ड ने एलआईसी के सहयोग से श्रद्धालुओं के लिए पहली बार 2 लाख रुपये के जीवन बीमा कवर की घोषणा की है।
दर्शन की व्यवस्था
इस बार प्रतिदिन अधिकतम 80 हजार श्रद्धालुओं को दर्शन की व्यवस्था की गई है। इनमें से 60 हजार श्रद्धालु वर्चुअल कतार के माध्यम से ऑनलाइन बुकिंग कर सकेंगे और बाकी स्पॉट बुकिंग से दर्शन कर सकेंगे।
खुलने वाले दिन के लिए ही करीब 30 हजार श्रद्धालुओं ने दर्शन की बुकिंग कराई थी। श्रद्धालुओं को सोमवार दोपहर 12 बजे के बाद ही निलक्कल से पंबा जाने की अनुमति दी गई।
इस बार नेडुंबस्सेरी हवाई अड्डे से निलक्कल तक हेलीकॉप्टर सेवा भी शुरू की गई है।
