सैमसंग ह्यूमनॉइड रोबोट की दौड़ में उतरने की तैयारी में है। कंपनी जनवरी 2027 में लास वेगास में होने वाले कंज्यूमर इलेक्ट्रॉनिक्स शो में अपना पहला ह्यूमनॉइड रोबोट सार्वजनिक रूप से पेश कर सकती है। कंपनी ने पिछले हफ्ते अपने बोर्ड के सामने रोबोट के प्रोटोटाइप का प्रदर्शन किया, जिसमें रोबोट ने पूरे शरीर पर नियंत्रण और हाथों से चीजें उठाने और संभालने की क्षमता दिखाई।
बोर्ड के सामने प्रोटोटाइप का प्रदर्शन
जानकारी के अनुसार सैमसंग ने 26 नवंबर को सियोल स्थित अपने रोबोटिक्स अनुसंधान केंद्र में बोर्ड के सामने प्रोटोटाइप का प्रदर्शन किया। प्रदर्शन में सह सीईओ टीएम रोह भी मौजूद थे। करीब डेढ़ घंटे चले इस प्रदर्शन में रोबोट ने पूरे शरीर पर नियंत्रण दिखाया और अपनी बांहों और हाथों से चीजें उठाकर उन्हें संभाला।
सैमसंग ने इस योजना पर आधिकारिक तौर पर कुछ नहीं कहा है और कंपनी ने टिप्पणी करने से इनकार किया है। रोबोट का नाम, तकनीकी ब्योरा और कीमत अभी सामने नहीं आई है।
CES 2027 में पहला सार्वजनिक प्रदर्शन
योजना के अनुसार सैमसंग इस रोबोट को 6 से 9 जनवरी 2027 तक लास वेगास में होने वाले CES में पेश करेगी। यह पहला मौका होगा जब कंपनी अपना ह्यूमनॉइड रोबोट जनता के सामने लाएगी।
स्मार्टफोन, लैपटॉप और एआई सॉफ्टवेयर के बाद तकनीकी कंपनियां अब अपने अगले बड़े कारोबार की तलाश में हैं। ह्यूमनॉइड रोबोट आने वाले समय में फैक्ट्रियों, गोदामों और घरों में इंसानों के साथ काम कर सकते हैं। लेकिन रोजमर्रा के काम भरोसे के साथ करना, चलने या नाचने से कहीं ज्यादा मुश्किल चुनौती है।
हाथ की पकड़ पर सबसे बड़ा फोकस
सैमसंग सिर्फ चलने फिरने वाला रोबोट नहीं बनाना चाहती। कंपनी का सबसे बड़ा फोकस हाथ से चीजों को संभालने की क्षमता पर है। रोबोट चल सकता है, झुक सकता है और चीजें उठा सकता है, लेकिन क्या वह छोटी सी चीज को भरोसे के साथ उठाकर, पलटकर ठीक जगह पर रख सकता है, यही असली चुनौती है।
सैमसंग की रोबोटिक्स एक्सपीरियंस इकाई के रोबोटिक्स लैब प्रमुख क्रिस हॉजर ने सितंबर में कहा था कि फैक्ट्री के मालिक को 99 प्रतिशत सफलता का दावा भी कम लगेगा, क्योंकि फैक्ट्री लाइन पर लगाने के लिए रोबोट को 99.99 प्रतिशत सफल होना होगा।
जानकारी के अनुसार कंपनी अपने फोल्डेबल फोन के हिंज बनाने की सटीक तकनीक को रोबोट के हाथों में इस्तेमाल कर रही है। रोबोट की हर उंगली में अलग मोटर लगाने की योजना है, जिससे पकड़ ज्यादा सटीक हो और रोबोट यह महसूस कर सके कि उसने किसी चीज को कितनी ताकत से पकड़ा है।
फैक्ट्री से घर तक का लक्ष्य
सैमसंग ने जुलाई में अपनी रोबोटिक्स एक्सपीरियंस इकाई बनाई थी, जो सीधे सह सीईओ टीएम रोह को रिपोर्ट करती है। यह इकाई रोबोटिक्स अनुसंधान, लंबी अवधि की रणनीति और नए उत्पादों को बाजार तक पहुंचाने का काम देखती है।
कंपनी का पहला लक्ष्य अपनी फैक्ट्रियों में रोबोट लगाना है। सैमसंग ने कहा है कि वह 2030 तक अपनी फैक्ट्रियों को एआई आधारित इकाइयों में बदलना चाहती है और वहां ह्यूमनॉइड रोबोट लगाएगी। इसके लिए दक्षिण कोरिया के गुमी शहर में रोबोट की उत्पादन लाइन बनाने की योजना है, जहां कंपनी के स्मार्टफोन कारखाने हैं।
फैक्ट्री के बाद कंपनी घरों में भी रोबोट लाने की सोच रही है। आने वाले समय में ऐसे रोबोट घर के कामों में मदद कर सकते हैं और बुजुर्गों की देखभाल में भी काम आ सकते हैं।
मुकाबला किससे है
इस बाजार में पहले से टेस्ला का ऑप्टिमस, चीन की यूनिट्री और हुंडई की बोस्टन डायनेमिक्स जैसी कंपनियां मौजूद हैं। सैमसंग का रोबोट इन्हीं के मुकाबले में उतरेगा। तस्वीर में दिख रहा रोबोट बोस्टन डायनेमिक्स का एटलस है, जो फैक्ट्री में काम करते हुए दिख रहा है। सैमसंग का अपना रोबोट अभी सार्वजनिक रूप से पेश नहीं हुआ है।
सैमसंग ने रोबोटिक्स के क्षेत्र में अपनी स्थिति मजबूत करने के लिए निवेश बढ़ाया है। 2023 में पहली बार निवेश के बाद कंपनी ने दक्षिण कोरियाई रोबोटिक्स कंपनी रेनबो रोबोटिक्स में हिस्सेदारी बढ़ाई और अब वह इसकी पूर्ण स्वामित्व वाली सहायक कंपनी है। रेनबो रोबोटिक्स के संस्थापक ओह जून हो अब सैमसंग के रोबोट प्रोजेक्ट की अगुवाई कर रहे हैं।



