India Samachar 24
शुक्रवार, 13 नवंबर 2026
विज्ञापन
ad

ट्रंप ने फिर दोहराई ईरान में सत्ता परिवर्तन की बात, कहा कार्यकाल में नहीं हटा पाए तो होगी हार

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक बार फिर ईरान में सत्ता परिवर्तन की बात कही है। ट्रंप का कहना है कि अपना राष्ट्रपति कार्यकाल खत्म होने तक, अगले दो साल में, वह ईरान में नया निजाम चाहेंगे। उन्हों…

ट्रंप ने फिर दोहराई ईरान में सत्ता परिवर्तन की बात, कहा कार्यकाल में नहीं हटा पाए तो होगी हार
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान में सत्ता परिवर्तन की बात दोहराई है।

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक बार फिर ईरान में सत्ता परिवर्तन की बात कही है। ट्रंप का कहना है कि अपना राष्ट्रपति कार्यकाल खत्म होने तक, अगले दो साल में, वह ईरान में नया निजाम चाहेंगे। उन्होंने यहां तक कहा है कि अगर वह अपने कार्यकाल में ईरान की मौजूदा सरकार को नहीं हटा पाते हैं तो वे इसे अपनी हार की तरह मानेंगे।

एक न्यूज चैनल को दिए इंटरव्यू में ट्रंप से सवाल किया गया था कि क्या ईरान में सत्ता न बदल पाना उनके लिए एक हार होगी। इस पर उन्होंने जवाब दिया कि बिल्कुल ये होगा। ट्रंप ने यह भी कहा कि वे ईरान के खिलाफ दोबारा सैन्य बल का इस्तेमाल करने में बिल्कुल नहीं हिचकिचाएंगे।

उन्होंने सुप्रीम लीडर मोजतबा खामेनेई के नेतृत्व वाली ईरानी सत्ता को दमनकारी कहते हुए आलोचना की है। ट्रंप ने यह नहीं बताया कि वह ईरान की कमान किसे सौंपना चाहेंगे, लेकिन कहा कि इसके लिए लोग मौजूद हैं। ईरान के सुप्रीम लीडर की ओर से इन बयानों पर अब तक कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है।

अधूरी जीत से संतुष्ट नहीं

डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि अमेरिका किसी भी अधूरी जीत से संतुष्ट नहीं होगा। अमेरिका का उद्देश्य ईरान के खिलाफ पूर्ण जीत हासिल करना है। ट्रंप ने कहा कि हम यह सुनिश्चित करना चाहते हैं कि हमें 93 प्रतिशत नहीं बल्कि पूरी जीत मिले। इस दौरान उन्होंने ईरान के खिलाफ लड़ाई खत्म होने की कोई समय सीमा भी नहीं बताई।

ट्रंप ने संकेत दिया कि अमेरिका की अपने सैन्य लक्ष्यों से पहले पीछे हटने की कोई योजना नहीं है। ट्रंप प्रशासन के ईरान के खिलाफ युद्ध में कूदने के पीछे जो कारण बताए गए थे, उनमें ईरान को परमाणु बम बनाने से रोकने के अलावा सत्ता परिवर्तन भी रहा है। हालांकि 28 फरवरी से चल रही लड़ाई में अमेरिका किसी लक्ष्य को हासिल करता नहीं दिखा है।

सैन्य कार्रवाई का किया बचाव

डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के खिलाफ अपने सैन्य अभियान का बचाव करते हुए कहा है कि अमेरिका को तेहरान के खिलाफ कार्रवाई करने में बहुत पहले ही कदम उठाना चाहिए था। इस समस्या का समाधान बहुत पहले कर दिया जाना चाहिए था। उन्होंने इस अभियान की तुलना कोरिया, वियतनाम, इराक और अफगानिस्तान में अमेरिकी कार्रवाई से की। इन संघर्षों से अमेरिका को अपेक्षित लाभ नहीं मिला था।

ट्रंप के ये बयान उनके पहले के रुख से अलग हैं। पहले वह खामेनेई के नेतृत्व वाली सरकार को हटाने की मांगों का समर्थन नहीं करते थे। अब उन्होंने सत्ता परिवर्तन को सबसे अच्छा नतीजा बताते हुए इसका खुलकर समर्थन किया है।

ईरान में कैसे शुरू हुआ टकराव

ईरान में बीते साल के आखिर में बड़े पैमाने पर सत्ता विरोधी प्रदर्शन देखने को मिले थे। इनकी वजह आर्थिक संकट और बढ़ती कीमतों से पैदा हुआ गुस्सा था। डोनाल्ड ट्रंप ने बयान जारी करते हुए प्रदर्शनकारियों की मदद की बात कही थी और उनसे सत्ता उखाड़ फेंकने की अपील की थी।

इसके बाद 28 फरवरी को अमेरिका और इजरायल ने ईरान पर हमला किया। इसमें ईरान का शीर्ष नेतृत्व मारा गया, लेकिन सत्ता परिवर्तन की कोशिश कामयाब नहीं हो सकी। तब से दोनों पक्षों के बीच टकराव जारी है, हालांकि इसका स्तर पहले के मुकाबले कम हो गया है।

इस खबर को शेयर करें
न्यूज़ डेस्क · न्यूज़ डेस्क

इंडिया समाचार 24 की न्यूज़ डेस्क — देश और दुनिया की ताज़ा खबरें, सबसे पहले।

और देखें: न्यूज़ डेस्क →