उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार को क्रांति धरा मेरठ में आयोजित पूर्व सैनिक पुनर्मिलन समारोह में शामिल हुए। कुलवंत सिंह स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रम में सीएम योगी ने सैनिकों, पूर्व सैनिकों और उनके परिवारों के लिए कई अहम घोषणाएं कीं।
सीएम योगी ने संबोधन में कहा कि यूपी वीरों की भूमि है। प्रदेश में 20 लाख सैनिकों का एक विशाल परिवार रहता है। उन्होंने आगे कहा कि देश में 60 हजार सैनिक सेवा निवृत्त होते हैं, उसमें से 12 हजार यूपी से होते हैं।
शहीद परिवार को 50 लाख की सहायता
मुख्यमंत्री ने बड़ा एलान करते हुए कहा कि शहीद के आश्रित को नौकरी देने का प्रबंध किया गया है। शहीद सैनिकों के परिवारों को मिलने वाली अनुग्रह राशि 20 लाख रुपये से बढ़ाकर 50 लाख रुपये कर दी गई है।
सीएम ने इस दौरान तीन घोषणाएं कीं। इसमें वीरता पुरस्कार की राशि दोगुनी कर दी गई। परमवीर चक्र, महावीर चक्र, वीर चक्र और अशोक चक्र सहित सभी वीरता पुरस्कारों की एकमुश्त राशि और वार्षिकी दोगुनी की जाएगी। अपने घर के लिए स्टांप शुल्क में राहत की सीमा 20 लाख से बढ़ाकर 50 लाख रुपये कर दी गई है।
अग्निवीरों को 20 प्रतिशत आरक्षण
सीएम योगी ने बताया कि सेना में अपनी सेवा पूरी करने के बाद लौटने वाले अग्निवीरों के लिए उत्तर प्रदेश पुलिस, कारागार विभाग, वन विभाग और अन्य महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों में 20 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण की व्यवस्था की गई है। उन्होंने कहा कि जो नौजवान सेना के अनुशासन से तप करके आएगा, वह प्रदेश की ताकत बनेगा।
मुख्यमंत्री ने औरैया, अमेठी, गोरखपुर, चंदौली, शामली, संतकबीर नगर, अंबेडकर नगर और सोनभद्र में नवनिर्मित जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास कार्यालयों का बटन दबाकर लोकार्पण भी किया।
मेरठ को लेकर क्या बोले सीएम योगी
सीएम ने मेरठ को लेकर कहा कि एक समय मेरठ की पहचान वाहन चोरी, अवैध कटान और अवैध कट्टा माफिया राज के लिए होने लगी थी। आज का मेरठ One District One Product के तहत खेल उपकरण उद्योग में पहचान बना रहा है और गन्ना किसानों को रिकॉर्ड भुगतान मिला है।
सीएम ने बताया कि मेरठ में कनेक्टिविटी में बड़ा बदलाव आया है। पीएम ने मेरठ मेट्रो का उद्घाटन किया। मेजर ध्यानचंद के नाम पर पहला स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी आकार ले चुका है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के 2085 वीर सपूतों ने बलिदान दिया है।
