India Samachar 24
शनिवार, 14 नवंबर 2026
विज्ञापन
ad

इस सीजन बजट 25 फीसदी बढ़ा, 20 नवंबर से 22 दिन के अंदर लखनऊ में होंगी 25 हजार शादियां, 5 हजार करोड़ का कारोबार

उत्तर प्रदेश की राजधानी में देवउठनी एकादशी से शहनाइयों की गूंज और बैंड-बाजे की धुन सुनाई देने लगेगी। 20 नवंबर के बाद शुरू हो रहे सहालग में अगले 22 दिनों के भीतर शहर में करीब 25 हजार शादियां होंगी। इस…

इस सीजन बजट 25 फीसदी बढ़ा, 20 नवंबर से 22 दिन के अंदर लखनऊ में होंगी 25 हजार शादियां, 5 हजार करोड़ का कारोबार
लखनऊ में 20 नवंबर के बाद शुरू हो रहे सहालग में 22 दिनों के भीतर करीब 25 हजार शादियां होंगी।

उत्तर प्रदेश की राजधानी में देवउठनी एकादशी से शहनाइयों की गूंज और बैंड-बाजे की धुन सुनाई देने लगेगी। 20 नवंबर के बाद शुरू हो रहे सहालग में अगले 22 दिनों के भीतर शहर में करीब 25 हजार शादियां होंगी। इससे होटल, मैरिज लॉन, कैटरिंग, ज्वैलरी और डेकोरेशन से जुड़े कारोबारियों के चेहरे खिल उठे हैं। हालांकि इस बार बैंड-बाजा और शहनाई की गूंज मेजबानों की जेब पर काफी भारी पड़ने वाली है।

महंगाई की मार ने वेडिंग बजट बिगाड़ दिया है। इस बार पिछले सीजन के मुकाबले करीब 25 फीसदी तक अधिक खर्च करना होगा। खाद्य सामग्री, सब्जियों और मसालों के दाम बढ़ने से कैटरिंग की प्लेट 100 रुपये महंगी होकर 700 से 900 रुपये पहुंच गई है। वहीं फूलों और लाइटिंग की सजावट में 30 से 40 फीसदी तथा बैंड-बाजा और DJ की दरों में 20 से 30 फीसदी तक का उछाल आया है।

इस सीजन में विवाह के 13 शुभ मुहूर्त

इस सीजन में विवाह के लिए कुल 13 शुभ मुहूर्त हैं। इनमें 20, 21, 24, 25, 26 और 30 नवंबर के बाद दिसंबर महीने में 2, 3, 4, 5, 6, 11 और 12 तारीख को विवाह के विशेष योग हैं। इन तारीखों के अलावा अन्य दिनों में भी तिलकोत्सव, सगाई, हल्दी-मेहंदी और रिसेप्शन जैसे मांगलिक कार्यक्रमों के कारण शहर के मैरिज गार्डन और बैंक्वेट हॉल पूरी तरह गुलजार रहेंगे। कई परिवारों ने तो एक ही लॉन में दो-तीन दिन के कार्यक्रमों की बुकिंग करा रखी है।

बंपर बुकिंग का आलम यह है कि राजधानी के छोटे-बड़े करीब 1500 होटलों और 3 हजार मैरिज लॉन व कम्युनिटी सेंटरों में इन तारीखों के लिए नो-वैकेंसी का बोर्ड लग चुका है। आलमबाग, गोमतीनगर, इंदिरानगर, कानपुर रोड, सीतापुर रोड और अयोध्या रोड स्थित लगभग सभी प्रमुख विवाह स्थल महीनों पहले ही बुक हो चुके हैं।

वेन्यू, डेकोरेशन और कैटरिंग में अधिक खर्च

उत्तर प्रदेश टेंट कैटरर्स एंड वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष विजय कुमार ने बताया कि गोमतीनगर इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान और बलरामपुर गार्डेन में करीब 10 से 15 लाख रुपये शादी का खर्च आता है। शादी में सबसे बड़ा खर्च वेन्यू, डेकोरेशन और कैटरिंग में होता है। एक अच्छे होटल या मैरिज लॉन में खाने की प्रति प्लेट 500 मेहमानों का 8 से 12 लाख रुपये तक हो जाता है। इसके अलावा दुल्हन के सोने के सेट, चूड़ियां, अंगूठी और दूल्हे की चेन-अंगूठी में ही 10 से 12 लाख रुपये लग जाते हैं। दुल्हन का लहंगा 50 हजार से 2 लाख रुपये तक और दूल्हे की शेरवानी 30 हजार से एक लाख रुपये तक में आती है।

दूल्हा-दुल्हन के मेकओवर के लिए भी महीनों पहले से प्री-बुकिंग चल रही है। ब्यूटी पार्लर और सैलून में ब्राइडल मेकअप के पैकेज 15 हजार से लेकर एक लाख रुपये तक बुक हो रहे हैं। दुल्हनों के लिए लहंगा, साड़ी और ज्वैलरी की खरीदारी जोरों पर है। सराफा बाजार में सोने-चांदी के गहनों की मांग बढ़ गई है। वेडिंग प्लानर अमित अरोड़ा ने बताया कि इस सीजन में कैटरिंग, ज्वैलरी, डेकोरेशन, कपड़े, मेकअप और टेंट समेत करीब पांच हजार करोड़ रुपये का कारोबार होगा। बारात की शान बढ़ाने वाले बैंड-बाजा, घोड़ा-बग्घी और DJ वालों की भी भारी डिमांड है। प्रमुख बैंड पार्टियों और DJ संचालकों की एडवांस बुकिंग पूरी तरह फुल हो चुकी है। कई बैंड पार्टियों ने तो इस सीजन के लिए अपने रेट 20 से 30 फीसदी तक बढ़ा दिए हैं, फिर भी मांग कम नहीं हो रही है।

इस खबर को शेयर करें
न्यूज़ डेस्क · न्यूज़ डेस्क

इंडिया समाचार 24 की न्यूज़ डेस्क — देश और दुनिया की ताज़ा खबरें, सबसे पहले।

और देखें: न्यूज़ डेस्क →