वीवो का नया स्मार्टफोन वीवो टी6एक्स 5जी जल्द भारत में लॉन्च हो सकता है। इस फोन को भारत में बीआईएस सर्टिफिकेशन मिल गया है, जो आमतौर पर लॉन्च से पहले का एक अहम संकेत माना जाता है।
टिपस्टर अनविन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इस फोन की जानकारी साझा की है। उनके मुताबिक, वीवो टी6एक्स 5जी का मॉडल नंबर V2652 है। यही मॉडल नंबर ब्लूटूथ एसआईजी सर्टिफिकेशन में भी देखा गया है।
वीवो टी6एक्स 5जी, वीवो टी5एक्स 5जी का अपग्रेड मॉडल होगा। कंपनी ने अभी इस फोन के बारे में कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी है, लेकिन सर्टिफिकेशन मिलने के बाद इसके जल्द लॉन्च होने की उम्मीद बढ़ गई है।
किन सर्टिफिकेशन में दिखा फोन
इस फोन को भारत के बीआईएस सर्टिफिकेशन के साथ-साथ ब्लूटूथ एसआईजी सर्टिफिकेशन में भी देखा गया है। दोनों जगह एक ही मॉडल नंबर V2652 दर्ज है, जिससे पुष्टि होती है कि यह एक ही डिवाइस है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस फोन में 50 मेगापिक्सल का डुअल कैमरा सेटअप मिल सकता है। इसके साथ ही एआई कैमरा फीचर्स, बड़ी बैटरी और फास्ट चार्जिंग की संभावना भी जताई जा रही है। हालांकि कंपनी की ओर से अभी इन स्पेसिफिकेशन की पुष्टि नहीं हुई है।
टी5एक्स में क्या खूबियां थीं
वीवो टी5एक्स 5जी में 6.76 इंच की फुल एचडी प्लस डिस्प्ले दी गई थी, जिसमें 120 हर्ट्ज रिफ्रेश रेट और 1200 निट्स तक की ब्राइटनेस मिलती थी। इस फोन में मीडियाटेक डाइमेंसिटी 7400 टर्बो प्रोसेसर दिया गया था।
टी5एक्स में 7200 एमएएच की बड़ी बैटरी और 44 वॉट की फास्ट चार्जिंग थी। इसके रियर में 50 मेगापिक्सल का प्राइमरी कैमरा और 2 मेगापिक्सल का डेप्थ कैमरा था, जबकि फ्रंट में 32 मेगापिक्सल का सेल्फी कैमरा दिया गया था। फोन में आईपी68 और आईपी69 रेटिंग भी थी, जिससे यह पानी और धूल से सुरक्षित था।
