
लखनऊ। ए आई वर्तमान समय में आवश्यक है। लेकिन इसका दुरुपयोग रोकना एक चुनौती है। राज्यपाल आनंदी बेन पटेल ने कहा के एआई का जितना सकारात्मक उपयोग है, उतना ही उसका दुरुपयोग भी हो रहा है। इसका प्रयोग कर समाज में विकृति फैलाने का प्रयास किया गया। इसलिए बच्चों को इसके सही उपयोग के लिए प्रेरित करना आवश्यक है। राज्यपाल ने एआई मंथन कार्यशाला के समापन सत्र में ये विचार प्रस्तुत किया। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय तेजी से बदल रहा है और हमें इन बदलावों को अपनाने के लिए हमेशा तत्पर रहना चाहिए। हमारे छात्र शोध और अनुसंधान करना चाहते हैं, इसके लिए मिलकर कार्य करना चाहिए। किसी भी पुस्तक का अनुवाद कई लोग मिलकर एवं एआई की सहायता से किया जा सकता है। शोध की कोई सीमा नहीं है। प्रदेश के विभिन्न विभागों की समस्याओं से संबंधित पुस्तकें तैयार कर विश्वविद्यालयों को उपलब्ध करानी होंगी, जिनके माध्यम से विश्वविद्यालय इन समस्याओं का समाधान कर सकते हैं। गरीब और संसाधनहीन बच्चों को एआई के माध्यम से शिक्षा से जोड़ने का प्रयास करना होगा।कार्यक्रम के दौरान राज्यपाल की जीवनी पर आधारित पुस्तक “चुनौतियां मुझे पसंद हैं” पर एआई के माध्यम से निर्मित वीडियो भी प्रदर्शित की गई।



